कटनी. जिला अस्पताल में कोरोना का इलाज करा रहे प्रदेश कांग्रेस सचिव अहमद को गुरुवार सुबह जबलपुर रैफर कर दिया गया। वे कोरोना के अलावा के दूसरी बीमारियों के भी मरीज हैं, जिसके चलते डॉक्टरों ने जबलपुर भेजने का निर्णय लिया। दूूसरी तरफ बीमार होने पर कांगे्रस नेता शहर के किसी बड़े अस्पताल में उपचार कराने गए थे। वहां के डॉक्टरों की सलाह पर 8 जून को जिला अस्पताल आकर कोरोना की जांच कराई थी। जिसमें डॉक्टरों ने उनका नमूना लेकर जांच के लिए आइसीएमआर जबलपुर भेजा था। 10 जून को आई रिपोर्ट में वे पॉजिटिव निकले थे। इसके बाद जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग व पुलिस का अमला सक्रिय हुआ। उनके मकान सहित तीन पड़ोसियों के मकान को बैरीकेट्स लगाकर सील किया गया। मिशन चौक, ईश्वरीपुरा वार्ड क्रमांक-24 को कंटेनमेंट क्षेत्र बनाया गया। कांग्रेस नेता व तीन पड़ोसियों के मकान को सील करने के बाद यहां पर आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित की। गुरुवार सुबह एसडीएम बलवीर रमण, सीएमएचओ डॉक्टर एसके निगम, तहसीलदार मुनौवर खान व कोतवाली टीआइ विजय विश्वकर्मा ने कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण किया। विजयराघवगढ़ के मेहगांव देवसर में संचालित उनके क्रेसर व पेट्रेाल पंप को प्रशासन ने सील करवा दिया है। कर्मचारियों को विजयराघवगढ़ अस्पताल ले जाया गया। कुछ कर्मचारियों को मेहगांव स्थित स्कूल में क्वॉरंटीन किया गया है।