
खंडवा। बिग बॉस में कभी चर्चाओं में रहे भजन सम्राट अनूप जलोटा ने कहा है कि उन्हें अगली बार बिग बॉस में जाने का मौका मिलता है तो वे अब कैटरीना कैफ को साथ लेकर जाना चाहते हैं। उन्होंने यह इच्छा खंडवा में आयोजित एक कार्यक्रम में बताई। गौरतलब है कि पिछले बिग बॉस में एक्ट्रेस और मॉडल जसलीन मथारू के साथ बिग बॉस के कारण दोनों ही सुर्खियों में आ गए थे।
भजन सम्राट अनूप जलोटा और जसलीन मथारू अपने रिलेशनशिप को लेकर हमेशा चर्चाओं में रहते हैं। पहली बार दोनों बिग बास 12 में नजर आए थे। नूप जलोटा जसलीन को अपनी शिष्या बताते हैं, लेकिन दोनों जिस तरह की तस्वीरें और वीडियो शेयर करते थे, उससे उनके संबंधों को अलग ही नाम दिया जाता था।
किशोर दा के पुश्तैनी मकान को प्रदेश सरकार बनाए स्मारक
अनूप जलोटा ने यहां सबसे पहले इंदौर रोड स्थित किशोर दा की समाधि पहुंचकर नमन किया। जलोटा ने कहा कि किशोर दा अपने आप में एक रत्न हैं। संगीत प्रेमी चाहते हैं कि किशोर दा को भारत रत्न मिले। उन्होंने कहा मैं सरकार से अनुरोध करता हूं कि जिस प्रकार किशोर दा के लिए आपने समाधि और स्मारक का निर्माण किया हैं, उसी के अनुरूप किशोर दा के पुश्तैनी मकान को किशोर राष्ट्रीय स्मारक बनाने में सहयोग प्रदान करें।
भाव-विभोर हुए श्रद्धालु
खंडवा आए अनूप जलोटा ने कई भजन सुनाकर लोगों को भाव विभोर कर दिया। ठुमक-ठुमक चलत रामचंद्र, बाजत पैजनियां, ऐसी लागी लगन...मीरा हो गई मगन, बोलो राम, बोलो राम-राम-राम जैसे भजनों पर श्रोता भावविभोर हो गए। अनूप जलोटा भजन संध्या कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए किशोर कुमार की नगरी खंडवा आए थे। गुड़ी पड़वा के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम में अनूप जलोटा ने कहा कि वे भी किशोर कुमार के गीत सुनते हैं और गाते भी हैं। जलोटा ने कहा कि किशोर दा के शहर खंडवा का बॉलीवुड में बहुत सम्मान है, उन्होंने भजन के साथ किशोर दा के गीत भी सुनाए। बुधवार रात पूर्व निमाड़ सामाजिक सांस्कृतिक सेवा समिति द्वारा पुरानी अनाज मंडी में भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन सम्राट अनूप जलोटा सहित मुंबई से आए प्रेम प्रकाश दुबे ने भी भजनों की प्रस्तुति दी। शुभारंभ सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, मांधाता विधायक नारायण पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष सेवादास पटेल ने किया।
संगीत ही ईश्वर है, ईश्वर ही संगीत
अनूप जलोटा ने कहा कि संगीत ही ईश्वर है, ईश्वर ही संगीत है। भजनों का दौर कभी समाप्त नहीं होगा। ऐसी लागी लगन मीरा हो गई मगन भजन बच्चे जवान भी गाते थे और बूढ़े भी गा रहे हैं। भजनों का दौर कभी खत्म नहीं होगा। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने किशोर दा के गीत चलते चलते मेरे यह गीत याद रखना, कभी अलविदा ना कहना, कुछ तो लोग कहेंगे लोगों का काम है कहना...और चिंगारी कोई भड़के आदि किशोर के गाने भी गाए।
Updated on:
23 Mar 2023 07:18 pm
Published on:
23 Mar 2023 07:17 pm

बड़ी खबरें
View Allखंडवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
