खंडवा. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव के भोपाल में पुलिस के लाठीचार्ज से घायल होने के बाद खंडवा के कांग्रेसियों में आक्रोश है। सोमवार शाम 6 बजे यहां पुतला फूंकने की तैयारी चल रही है।
कांग्रेसियों ने अरुण यादव के भोपाल में घायल होने की सूचना मिलते ही खंडवा के गांधी भवन में जुटने का आह्वान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कर दिया। बता दें कि सीएम का आवास घेरने के लिए भोपाल में जुटे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव भी थे। लाठीचार्ज के दौरान वो घायल हो गए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तस्वीरें अरुण यादव के घायल होने के कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया पर उनकी वो तस्वीरें वायरल हो गईं, जिसमें वो भोपाल के जेपी हॉस्पिटल में आईसीयू में भर्ती नजर आ रहे हैं। उनके आसपास कांग्रेसी नजर आ रहे हैं। इधर, खंडवा में कांग्रेसियों ने मैसेज भेजकर तत्काल बड़ी संख्या में कांग्रेसियों से जुटने का आह्वान कर दिया।
सूचना मिलते ही अरुण यादव की पत्नी तत्काल भोपाल के लिए रवाना हुई हैं। उधर बताया जा रहा है कि अरुण यादव की हालत गंभीर है और उन्हे दिल्ली रेफर किया जा सकता है। निमाड़ में यादव समर्थकों ने पूरे मामले में प्रदेश सरकार और पुलिस के खिलाफ आक्रोश जाहिर करते हुए धरना प्रदर्शन और आंदोलन शुरू कर दिया है। खंडवा में ही केवल राम चौराहा पर सैकड़ों कांग्रेसी जुटे और सीएम का पुतला जलाने की तैयारी करी। केवलराम चौराहा पर भारी पुुलिस बल तैनात किया गया।