खरगोन. फसलों की नुकसानी, गैस के बढ़ते दाम, महंगाई, फसलों की गिरती कीमतें, एलआईसी अडानी घोटाला और रतलाम शहर में हिंदू देवी.देवताओं के अपमान को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को विरोध के स्वर मुखर किए। जिला अध्यक्ष रवि नाइक के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय सुभिषी परिसर गौरी धाम से वाहन रैली निकाली। एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां एसडीएम ओम नारायण सिंह को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन वाचन शहर कांग्रेस अध्यक्ष पूर्णा ठाकुर ने किया।
जिलाध्यक्ष नाइक ने कहा- पिछले कुछ दिनों में आई तेज हवा आंधी और बारिश के कारण किसानों की फसलों का भारी नुकसान हुआ है। उस पर सरकार की उदासीनता किसानों को परेशान कर रही है। सरकार सर्वे करने का दावा करती है लेकिन किसान कहते हैं की हमारे खेतों में कब कौन सर्वे करने आता है, इसका पता ही नहीं चलता। सरकार की नियत ही नरहीं है किसानों को मुवावजा देने की। किसानों की मौजूदगी में हो सर्वे
ज्ञापन से पहले जिलाध्यक्ष ने सरकार पर कई आरोप लगाए। शासन से मांग करते हुए कहा- जिन किसानों का नुकसान हुआ है उनका सर्वे किसानों की मौजूदगी में किया जाए और उन्हें बाजार मूल्य के हिसाब से फसलों का मुआवजा दिया जाए। गेहंू के कम दामों पर भी कांग्रेस पदाधिकारी गरजे। बोले- किसानों को उपज का उचित दाम नहीं मिल रहा। औने-पौने दाम में उपज खरीदी जा रही है। इससे किसानों पर दोहरी मार पड़ रही है। हम शासन से मांग करते हैं कि गेहूं, कपास व अन्य फसलों की कीमतें पूर्ववत रखी जाए और किसानों से उसी भाव में उनकी उपज खरीदी जाए ।
सिलेंडर के दाम हों कम
पदाधिकारियों ने कहा- महंगाई से परेशान जनता के ऊपर सरकार ने हाल ही में गैस सिलेंडर के भाव बढ़ा कर उसकी चीखें निकाल दी है। दैनिक उपयोग की सभी चीजें लगातार महंगी हो रही है। उस पर गैस के भाव बढ़ा कर सरकार ने आम आदमी के ऊपर दोहरी मार मारी है। रतलाम शहर में हुए कार्यक्रम में हिंदू देवी-देवताओं के अपमान कर अश्लीलता फैलाने पर कार्रवाई की मांग की। प्रदेश कांग्रेस महासचिव डॉ. गोविन्द मुजल्दा, ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मांगीलाल पाटीदार, महेश पाटीदार, राजेश मंडलोई आदि मौजूद रहे।