
Farmers Conference of Bhavantar Payna Yojana
खंडवा. भावांतर भुगतान योजना काजिला स्तरीय किसान सम्मेलन शनिवार को नई कृषि उपज मंडी में हुआ। अफसरों की अधूरी तैयारी और अतिथियों की लेटलतीफी के चलते ये अव्यवस्थाओं से घिरा रहा। मुख्य अतिथि तय समय से एक घंटे की देरी से आए तो वहीं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी समय का ध्यान नहीं रखा। गणगौर नृत्य और गीतों के सहारे किसानों को रोके रखा गया लेकिन दोपहर १.५५ बजे तक तो यहां लगी दो बड़ी एलईडी स्क्रीन को चालू करने में ही बीत गया। मंत्री विजय शाह का भाषण खत्म होने के बाद जैसे ही एक स्क्रीन चालू हुई और इस पर टीमकगढ़ से सीएम शिवराजसिंह चौहान का लाइव संबोधन शुरू हुआ तो किसान उठकर जाने लगे।
सीएम का संबोधन शुरू होते ही किसानों के जाने के बावजूद प्रोटोकॉल के तहत मंत्री, विधायक, अफसर व कर्मचारियों को रूकना पड़ा। मंत्री विजय शाह ने जब पीछे मुड़कर देखा तो किसान नहीं दिखे। सीएम का पूरा भाषण खत्म होने के बाद यहां शेष चुनिंदा किसानों में से आधा दर्जन को भावांतर योजना के प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
कृषि उप संचालक की तरफ से पहले बताया गया था कि 30 नवंबर तक अधिसूचित कृषि उपज मंडी व उप मंडी प्रांगण में योजना के तहत पंजीयन किसानों द्वारा विक्रय की गई फसलों की भावांतर राशि का भुगतान आरटीजीएस व एनईएफटी के माध्यम से बैंक खातों में किया जाएगा। 12177 किसानों के खाते में 12.20 करोड़ रुपए जमा होंगे लेकिन मंच से ये कहा १०१०९ किसानों के खातों में १०.१५ करोड़ रुपए जमा किए गए हैं।
जो समझदार नहीं वो किसान मंच पर आ जाएं
मंत्री शाह ने कहा जो समझदार नहीं है, जिसे भावांतर योजना समझ में नहीं आई हो या जिसे ये राशि नहीं चाहिए हो, वो किसान मंच पर आ जाएं। मेरी ५५ साल की उम्र है। ६ बार विधायक व इतनी ही बार मंत्री रहा हूं लेकिन शिवराजसिंह जैसा किसान हितैषी सीएम नहीं देखा। हम कांग्रेस जैसे नहीं हैं, वो आएंगे माथा पीटने। राजनीति हमारा धंधा नहीं है। किसानों को गलत कदम उठाने की जरूरत नहीं है, हम साथ हैं। पंधाना विधायक योगिता बोरकर, खंडवा विधायक देवेंद्र वर्मा, राजपालसिंह तोमर, मंडी अध्यक्ष आनंद मोहे ने भी संबोधित किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष हसीनाबाई भाटे मौजूद थीं।
एक नजर में...ये भी जानिए
- मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री शाह दोपहर १.०५ बजे, विधायक १.२० बजे कार्यक्रम में पहुंचे
-महापौर सुभाष कोठारी दोपहर २.५० बजे जब मंडी पहुंचे तो सीएम का भाषण चल रह था
- किसानों को प्रमाण-पत्र सबसे आखिरी में बांटें, महज ७ किसान ही मौजूद थे, शेष चले गए थे
- भोजन के लिए अंत में मारामारी न हो इसलिए इन्हें पहले ही भोजन के पैकेट वितरित कर दिए गए
- अध्यक्षता सांसद नंदकुमार सिंह चौहान को करना थी, वो नहीं आए, किसानों को प्रशिक्षण भी नहीं दिया
- वीडियो क्लिप दिखाकर कहा गया कि भावांतर योजना की ये राशि किसानों के खाते में डाल दी गई है
- मंत्री व विधायक की मौजूदगी में ही एक व्यक्ति धूम्रपान कर नियमों का मखौल उड़ाता रहा।
मंत्री के लिए विधायक ने उठाया सोफा
गणगौर नृत्य जब मंच के नीचे होने की बात चली तो मंत्री ने कहा कि मुझे मजा नहीं आएगा। नृत्य मंच पर ही कराओ। वे मंच से उतरकर नीचे बैठने आए तो विधायक वर्मा व मंडी सचिव ने उनके लिए सोफा उठाया।
Published on:
7 Jan 2018, 12:37 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.