
Gujarat and Himachal Pradesh celebrate victory in Madhya Pradesh
खंडवा. गुजरात में लगातार छठवीं बार जीत दर्ज कर सरकार बनाने की तैयारी और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस से सत्ता छीनकर ताजपोशी के लिए तैयार भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सोमवार दोपहर को मप्र के खंडवा में जमकर जश्न मनाया। यहां सड़क पर उतरक ढोल-ताशें की धुन पर भाजपा के कार्यकर्ता झूम उठे तो वहीं आतिशबाजी कर मिठाई भी बांटी गई।
गुजरात और हिमाचल प्रदेश चुनावों के बाद सोमवार सुबह रूझानों से जहां कांग्रेस ने चौंकाया था तो वहीं पलटवार करते हुए भाजपा ने वापसी की। इस वापसी के साथ ही भाजपाइयों ने जश्न की तैयारी शुरू कर दी। दोपहर 2 बजे जब ये स्पष्ट हो गया कि दोनों ही राज्यों में भाजपा की सरकार बन रही है तो फिर खंडवा के इंदिरा चौक स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटने लगी। यहां से एकत्रित होकर कार्यकर्ता शहर के केवलराम चौराहा पर पहुंचे। यहां जश्न की शुरूआत ढोल-ताशों की धुन पर डांस करने से हुई। जीत की खुशी में कार्यकर्ता जमकर झूमे।
चुनाव प्रचार करने गए थे महापौर और विधायक
गुजरात के चुनावों में प्रचार करने के लिए खंडवा के महापौर सुभाष कोठारी और विधायक देवेंद्र वर्मा भी गए थे। कोठारी ने जहां करजन विधानसभा में प्रचार किया तो वहीं वर्मा ने नाडियाद विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी पंकज देसाई के लिए प्रचार किया था। देसाई ने २१ हजार से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की है। महापौर और विधायक को इन सीटों के लिए प्रभारी बनाया गया था।
भाजपाई बोले- अब मप्र में भी जीत दर्ज करेंगे
जीत के जश्न में डूब भाजपाइयों ने कहा- आने वाले वक्त में मप्र सहित अन्य राज्यों में जीत दर्ज करेंगे तथा अगले लोकसभा चुनाव में सरकार बनाएंगे। जीत का जश्न मनाने के लिए विधायक देवेंद्र वर्मा, महापौर सुभाष कोठारी, जिलाध्यक्ष हरीश कोटवाले, दिनेश पालीवाल, रामगोपाल उर्फ गोपी शर्मा, धर्मेंद बजाज, नंदन करोड़ी, रोहित मिश्रा, तेजेंद्र बाथम सहित अन्य जश्न मनाने सड़क पर उतरे। शहर में सांकेतिक जुलूस भी निकाला गया, जिसमें भाजपाइयों ने लोगों को ये कहा कि गुजरात व हिमाचल में जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया है, खंडवा में भी इसी तरह से विश्वास जताइएगा। कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
Updated on:
18 Dec 2017 03:31 pm
Published on:
18 Dec 2017 03:29 pm
बड़ी खबरें
View Allखंडवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
