
विधानसभा चुनाव में टिकट कटने के बाद चार बार के विधायक देवेंद्र वर्मा बुधवार को पहली बार सार्वजनिक कार्यक्रम करेंगे। बुधवार को विधायक ने दशहरा मिलन समारोह रखा है, जिसमें पार्टी पदाधिकारियों को आमंत्रित नहीं किया गया है। विधायक के आयोजन में उनके निजी और ग्रामीण कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। पार्टी में बगावत की आशंका को लेकर मिलन समारोह पर संगठन की पैनी नजर रहेगी। मिलन समारोह के समय ही विस चुनाव को लेकर गुजरात के संगठन मंत्री द्वारा भी महत्वपूर्ण बैठक भाजपा कार्यालय में होनी है।
खंडवा विधानसभा में प्रत्याशी नहीं बनाए जाने से विधायक देवेंद्र वर्मा की नाराजगी अब तक सामने नहीं आई है। सोमवार को वह मंत्री विजय शाह सहित पार्टी पदाधिकारियों के यहां आभार जताने पहुंचे थे। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी कंचन मुकेश तनवे ने भी तीन बार विधायक से मिलने का प्रयास किया, लेकिन वह उनके सामने नहीं आए। जिपं अध्यक्ष कंचन तनवे और विधायक वर्मा के बीच प्रतिद्वंदिता जगजाहिर है। ऐसे में अब विधायक वर्मा का पहली बार दशहरा मिलन समारोह रखना चर्चा का विषय बना हुआ है। इस मिलन समारोह में शहर के प्रतिष्ठित लोगों, ग्रामीण के कार्यकर्ताओं को तो आमंत्रित किया गया है, लेकिन अब तक संगठन के किसी भी बड़े पदाधिकारी को इसकी सूचना नहीं दी गई है।
संगठन की महत्वपूर्ण बैठक भी आज
विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार सुबह 11.30 भाजपा कार्यालय में होना है। इस बैठक में गुजरात के संगठन मंत्री रत्नाकर जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, बूथ विस्तारकों से चर्चा करेंगे। इसी दौरान एक निजी गार्डन में विधायक वर्मा का दशहरा मिलन समारोह भी है। उल्लेखनीय है कि शहर के दो मंडल और एक ग्रामीण मंडल अध्यक्ष विधायक वर्मा समर्थित है। विधायक वर्मा भी इस बैठक में अपेक्षित है। अब देखना यह है कि विधायक बैठक में उपस्थित होते है या फिर अपने कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
मुझे कार्यक्रम की सूचना नहीं
पार्टी के अपेक्षित कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों की बुधवार को बैठक रखी गई है। विधायक के कार्यक्रम की मुझे जानकारी या सूचना नहीं है। पार्टी की बैठक में विधायक भी उपस्थित रहेंगे।
- सेवादास पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष
कोई कार्यकर्ता सम्मेलन नहीं
दशहरा मिलन समारोह आयोजित किया है, कोई कार्यकर्ता सम्मेलन नहीं है। कार्यक्रम में शहर और ग्रामीण के वरिष्ठ नागरिक आमंत्रित है। पार्टी की बैठकों में जहां भी अपेक्षित हूं, मौजूद रहूंगा। पार्टी जो भी निर्देश देगी उसे पूरा किया जाएगा।
- देवेंद्र वर्मा, विधायक खंडवा
Updated on:
25 Oct 2023 11:12 am
Published on:
25 Oct 2023 10:34 am

बड़ी खबरें
View Allखंडवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
