
Principal constable and four constables of Omkareshwar temple suspended
खंडवा. ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर परिसर से दानपेटी चोरी मामले की पड़ताल के दौरान मंदिर परिसर की सुरक्षा में लापरवाही उजागर हुई है। मंदिर परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मी रात के समय गार्ड रूम में सोते रहे और बदमाश कंधे पर दानपेटी लेकर भाग गया। लापरवाही उजागर होते ही एसपी विवेक सिंह ने कार्रवाई करते हुए सशस्त्र पुलिस बल के चार आरक्षक और एक प्रधान आरक्षक को निलंबित किया है। जानकारी के अनुसार रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात चोर ओंकारेश्वर मंदिर में गर्भगृह के सामने पंचमुखी गणेश मंदिर के पास रखी दानपेटी लेकर फरार हो गए। जबकि परिसर में सुरक्षा के लिहाज से एक चार की गार्ड तैनात थी। वारदात सामने आते ही पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू की। जांच के दौरान मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में 31 जनवरी वारदात की रात 10 बजे केवल एक पुलिसकर्मी बगैर राइफल लिए मंदिर परिसर में स्थित गार्ड रूम व चौकी के अंदर जाते दिखाई दे रहा है। उसके बाद पूरी रात परिसर में सुरक्षाकर्मियों की कोई भी गतिविधि नजर नहीं आई। जबकि सुरक्षाकर्मियों को सूर्यास्त से सूर्योदय तक मंदिर परिसर में मुस्तैद रहना था। लेकिन वह सोते रहे। ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एसपी सिंह ने एफ कंपनी 34वीं वाहिनी विसबल धार के प्रधान आरक्षक रामवृत यादव, आरक्षक गुरुदयाल, दूधनाथ पटेल, सुक्कल परते और लवकेश हाल कैंप थाना मांधाता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं लाइन तलब कर बगैर अनुमति के मुख्यालय नहीं छोडऩे के निर्देश दिए है।
कंधे पर दानपेटी ले जाते दिखा बदमाश
दानपेटी चोरी मामले की तफ्तीश के दौरान सीसीटीवी फुटेज में बदमाश नजर आया है। बदमाश मंदिर परिसर से दानपेटी उठाकर कंधे पर रख सीढिय़ों पर जाता हुआ नजर आया है। इसके अलावा जेपी चौक के कैमरों में भी आरोपी दिखा है। फुटेज के आधार पर पुलिस चोरी के आरोपी की तलाश कर रही है। उल्लेखनीय है कि 31 जनवरी की रात करीब 2 से 3 बजे के बीच ओंकारेश्वर मंदिर परिसर में रखी दानपेटी बदमाश लेकर भाग गया था। दानपेटी पुल पर पड़ी हुई थी। मामले में पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
दाल-बाटी की प्रसादी खाकर सो रहे थे सुरक्षाकर्मी
सूत्रों की मानें तो वारदात के दिन शाम को मंदिर परिसर में दाल बाटी का भंडारा हुआ था। इसमें सुरक्षाकर्मियों ने भी दाल बाटी की प्रसादी ली थी। इसके बाद सुरक्षाकर्मी रात के समय गार्ड रूम में सो रहे थे। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर बदमाश दानपेटी लेकर फरार हो गया।
Published on:
02 Feb 2021 10:05 pm
बड़ी खबरें
View Allखंडवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
