3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खंडवा

weather alert- जमकर बरसे बदरा, आज भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी

मानसून मेहरबान...-दिनभर चला झमाझम और रिमझिम बरसात का दौर, 45 मिमी बारिश-सेंट्रल भारत की ट्रफ लाइन पर छाए बादलों से 22 तक बारिश की संभावना

Google source verification

खंडवा

image

Manish Arora

Sep 15, 2023

खंडवा.
मानसून के पहले दौर में रही खेंच के बाद अब बादल मेहरबान हुए है। बुधवार रात से शुरू हुआ बारिश का दौर गुरुवार को भी जारी रहा। दिनभर झमाझम के बाद रिमझिम बारिश का दौर चलता रहा। शाम 6 बजे तक 45 मिमी करीब बारिश हो चुकी थी। मौसम विभाग ने आगामी 72 घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना भी जताई है। शुक्रवार को भी भारी बारिश का दौर जारी रहेगा।
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक व मौसम विशेषज्ञ डॉ. सौरव गुप्ता ने बताया कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के बीच सेंट्रल भारत की ट्रफ लाइन पर सिस्टम सक्रिय हुआ है। ट्रफ लाइन पर छाए बादलों से आगामी 22 सितंबर तक बारिश की संभावना खंडवा में भी बनी हुई है। गुरुवार को पूरे जिले में अच्छी बारिश हुई है। अगले 72 घंटे भी भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। डॉ. गुप्ता ने किसानों से आह्वान किया है कि भारी बारिश की संभावना को देखते हुए खेतों में पानी निकासी की उचित व्यवस्था करें एवं पालतू पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बांधे। नदी-नालों से लगे गांव में किसान सजग रहें।
नदी-नाले उफान पर, शहर में कई स्थानों पर भराया पानी
गुरुवार को जिलेभर में हुई बारिश से नदी-नालों में उफान आ गया। बरसाती नदियों में बाढ़ जैसे हालात भी बने। ग्राम दीवाल में नदी में बाढ़ आने से दो घंटे पंधाना-झिरनिया और दीवाल-बिलूद मुख्य मार्ग करीब दो घंटे बंद रहा। शहर में तीन पुलिया में तीन फीट तक पानी भर गया। इस दौरान भी वाहन चालक यहां से निकलते रहे। एक बाइक पर सवार दो युवक फिसलने से गिरे, जिन्हें वहां मौजूद कुछ लोगों ने बचाया। भगतसिंह चौक, बुधवारा दूध गली, फूलगली सहित कई क्षेत्रों में घुटने-घुटने तक पानी भरा रहा। मोरटक्का में भी रोड पर पानी बहने से कुछ देर यातायात प्रभावित रहा।
तापमान में 3.5 डिग्री की गिरावट
दिनभर हुई बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट आई। हालांकि रात का तापमान स्थिर बना हुआ है। बुधवार के मुकाबले गुरुवार तापमान 3.6 डिग्री कम हुआ। जहां बुधवार को अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री था। वहीं गुरुवार को तापमान 25.5 डिग्री पर पहुंच गया। डॉ. गुप्ता के अनुसार आगामी 22 तक तापमान में एक से दो डिग्री ओर गिरावट हो सकती है।