खरगोन.
खेलो इंडिया की मशाल भोपाल से रवाना होकर सोमवार को पर्यटन नगरी महेश्वर पहुंची। जहां कैनो सलालम की नेशनल प्रतियोगिता होना है। कायकिंग खिलाडिय़ों ने नर्मदा में नावों से करतब दिखाते हुए मशाला को थामा और खेल की इस विधा का संदेश पूरे देश में दिया। मशाल का खरगोन और महेश्वर में भ्रमण हुआ। खरगोन के उत्कृष्ट मैदान में कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम और एसपी धर्मवीर सिंह ने खेलों इंडिया की मशाल थामी। महेश्वर में 6 और 7 फरवरी को कैनो सलालम की नेशनल प्रतियोगिता का आयोजन होगा। यह समूचे खरगोन जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए सहस्त्राधारा ट्रेक तैयार है। इस दौरान जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त प्रशांत आर्य जिला शिक्षा अधिकारी हेमेन्द्र वरणेरकर, जिला खेल अधिकारी पवि दुबे सहित अन्य अधिकारी, खेल विधाओं से जुड़े खिलाड़ी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मशाल आते देख थम सा गया महेश्वर
सोमवार सुबह से ही महेश्वर में खेलो इंडिया की मशाल की सूचना मिलते ही कौतूहल छा गया। दोपहर 4 बजे स्थानीय उत्कृष्ट विद्यालय के प्रांगण से खिलाडिय़ों, अधिकारियों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हाथों में मशाल थामकर गौरव का अनुभव करते हुए नगर के मुख्य मार्ग से होकर नर्मदा तट पर मशाल पहुंची। नगर की गलियों से खिलाडिय़ों द्वारा मशाल और खेलो इंडिया का थीम सांग की आवाज सुनकर नगर थम सा गया। नगरवासियों ने इस खेल आयोजन की मशाल शहर में घूमते हुए देख अपने आप को गौरवान्वित महसूस किया।
दो हजार खिलाड़ी बने साक्षी
नर्मदा तट पर करीब 2 हजार विद्यार्थियो और खिलाडिय़ों ने मां नर्मदा तट स्थित अहिल्या किला गेट की सीढिय़ों पर बैठकर खेलो इंडिया की मशाल का भव्य स्वागत किया। इसके बाद कैनो सलालम के खिलाडिय़ों ने नर्मदा में जल क्रियाएं की।