
बंगाल सचिवालय नवान्न में 15 वें वित्त आयोग करेगा बैठक
- वित्त आयोग के स्वागत में सजा नवान्न सभाघर
- राजनीतिक दलों और सरकारी अधिकारियों के साथ बैठक
कोलकाता.
नवल किशोर सिंह की अध्यक्षता वाले 15 वें वित्त आयोग के स्वागत में सचिवालय नवान्न सभाघर दुल्हन की तरह सजाया गया है। तीन दिवसीय यात्रा के क्रम में सोमवार को आयोग के प्रतिनिधि उच्च स्तरीय बैठक में शामिल होंगे। प्रथम चरण में पंचायत व ग्रामीण विकास, शहरी विकास व नपा विभाग के शीर्ष अधिकारियों तथा दूसरे चरण में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक निर्धारित है। राज्य सरकार के सूत्रों ने बताया कि राज्य सरकार के संबंधित विभाग के शीर्ष अधिकारी 15 वें वित्त आयोग के साथ प्रस्तावित बैठक में विभिन्न मदों में प्राप्त केंद्रीय सहायता राशि बढ़ाने तथा आर्थिक रूप से पश्चिम बंगाल की उपेक्षा के मुद्दे पर चर्चा करेंगे।
मुख्यमंत्री के साथ बैठक मंगलवार को -
वित्त आयोग के चेयरमैन सिंह मंगलवार को राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ बैठक करेंगे। बैठक में केंद्र सरकार के सप्तम वेतन आयोग के अनुरूप राज्य सरकार के कर्मचारियों के वेतन व पेंशन का मुद्दा छाये रहने की संभावना है।
---------------
मुर्शिदाबाद जिले में विवि बनाने को बढ़ी सक्रियता
- शिक्षा विभाग ने किया जमीन का मुआयना
कोलकाता.
मुर्शिदाबाद जिले में नया विश्वविद्यालय की स्थापना करने को लेकर प्रशासनिक तत्परता काफी बढ़ गई है। उच्च शिक्षा विभाग का एक प्रतिनिधिदल विवि. के लिए पहचान की गई तीन अलग अलग इलाकों में जमीन का मुआयना किया है। प्रतिनिधिदल में विभागीय विशेष सचिव शिलादित्य बसुराय और नेताजी मुक्त विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर शुभंकर सरकार शामिल थे। इस संदर्भ में अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेना है। उल्लेखनीय है कि राज्य के शिक्षा मंत्री डॉ. पार्थ चटर्जी ने गत 28 फरवरी को विधानसभा में इसकी घोषणा की थी। सचिवालय के सूत्रों ने बताया कि शिक्षा विभाग ने मुर्शिदाबाद के कलक्टर पी. उल्गनाथन को विवि. निर्माण के लिए जमीन तलाशने का निर्देश दिया था। विभागीय निर्देशानुसार जिला प्रशासन ने रेजीनगर, खागड़ा और लालबाग में जमीन की पहचान की थी। शिक्षा विभाग के सूत्रों ने बताया कि मुर्शिदाबाद में नया विवि. के लिए जमीन का मुआयना से संबंधित रिपोर्ट सचिवालय नवान्न भेजी जाएगी। हालांकि प्रतिनिधिदल ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि विवि. का निर्माण कहां होगा?
Published on:
15 Jul 2018, 11:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.