
जनसंहार: ममता का मरहम, विपक्ष का मार्च
सीएम, अधीर, भाजपा के प्रतिनिधिमंडल का दौरा
कोलकाता. बीरभूम के रामपुरहाट के बगतुई नरसंहार के तीसरे दिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पीडि़तों के परिजनों से मुलाकात की। उनके आंसू पोछे, पुलिस अधिकारियों की लापरवाही की बात स्वीकार की। मृतकों के परिजनों को सहायता राशि के चेक सौंपे। अपनी ही पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष को गिरफ्तार करने का आदेश दिया। वहीं विपक्ष का प्रतिनिधिमंडल भी एक एक करके बगतुई पहुंचा। पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी पहुंचे। फिर भाजपा का संसदीय प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार के नेतृत्व में बगतुई पहुंचा। अपने बगतुई दौरे में जहां ममता ने नरसंहार पीडि़त परिवारों के परिजनों को मुआवजा और कार्रवाई के आश्वासन का मलहम लगाया वहीं विपक्ष के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार की प्रशासनिक विफलता को रेखांकित करते हुए राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब होने की बात कही।
--
सिर झुकाकर सुनी आपबीती
बगतुई पहुंची ममता ने लगभग दस मिनट तक पीडि़त परिवार के लोगों से बातचीत की। भीड़ भाड़ से भरे इलाके में उन्हें पीडि़त परिवार के रूदन और क्रंदन के बीच सिर झुकाकर उनकी बात सुनते देखा गया। इसके साथ ही उन्हें पीडि़त परिवार के लोगों के आंसू पोछते और बीमार हुई एक महिला को पानी पिलाते, अनाथ हुए बच्चों का सिर सहलाते भी देखा गया। दस मिनटों तक उनकी आपबीती सुनने के बाद ममता ने माइक हाथ में लेकर राज्य सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की जानकारी दी।
---
कांड बड़ी साजिश का हिस्सा : ममता
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनके साथ बगतुई गए पुलिस महानिदेशक मनोज मालवीय को आदेश दिया कि राज्य भर में बम और असलहा विरोधी अभियान शुरू किया जाए। पूरे राज्य में जहां कहीं भी बम हैं उन्हें ढूंढ निकालकर कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद डीजी ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को बम और असलहा विरोधी अभियान शुरू करने का आदेश जारी किया। इसके साथ ही ममता बनर्जी ने एक बार फिर दोहराया कि बगतुई कांड बड़ी साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि कांड में स्थानीय शामिल थे या बाहरी यह सब पुलिस जांच करेगी।
--
मृतकों को पांच लाख, घर बनाने दो लाख
घटनास्थल पर जमा हुए पीडि़त परिवार के लोगों को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राहत राशि के चेक सौंपे। मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख व आगजनी का शिकार बने घरों की मरम्मत के लिए दो लाख रुपए की तात्कालिक सहायता के चेक सौंपे। इसके साथ ही दस परिवारों को सरकारी गु्रप डी नौकरी देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मौत का दर्द मुआवजे से कम नहीं हो सकता है। लेकिन जो बचे हैं उनका जीवन अच्छे से गुजरे इसकी व्यवस्था की जाएगी।
--
पुलिसकर्मियों को लताड़
बगतुई नरसंहार कांड मेे पुलिस की लापरवाही स्वीकार करते हुए राज्य की गृहमंत्री का भार भी संभाल रहीं ममता ने कहा कि आईसी, ओसी, एसडीपीओ, डीआईजी व जो भी पुलिस अधिकारी लापरवाह पाया जाए उसपर कड़ी कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि पुलिस की नौकरी को कुछ लोगों ने मौज मस्ती का जरिया बना रखा है। ऐसा नहीं चल सकता।
-------
पीडि़तों को दिलाकर रहूंगी न्याय
ममता ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि आरोपियों पर कड़ी धाराएं लगानी होंगी। आरोपियों के खिलाफ ऐसा केस बनाना होगा ताकि उन्हें कड़ी सजा मिल सके।
-----
अस्पताल में घायलों से मिली
बगतुई के बाद ममता रामपुरहाट अस्पताल गई। जहां आगजनी के शिकार लोग भर्ती कराए गए हैं। इससे पहले ममता ने कहा कि 60 प्रतिशत से ज्यादा झुलसे लोगों को कोलकाता स्थानांतरित करने में परेशानी है। इसलिए उनके बेहतर इलाज के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम रामपुरहाट भेजी जा रही है।
Published on:
24 Mar 2022 09:19 pm

बड़ी खबरें
View Allकोलकाता
पश्चिम बंगाल
ट्रेंडिंग
