12 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दुनिया से मिलिए सिनेमा के संसार में, सात दिनों में नौ रस

ऋषिकेश मुखर्जी की अमिताभ अभिनीत फिल्म से होगा 15 को उद्घाटन

3 min read
Google source verification
दुनिया से मिलिए सिनेमा के संसार में, सात दिनों में नौ रस

दुनिया से मिलिए सिनेमा के संसार में, सात दिनों में नौ रस

कोलकाता. दिसम्बर के आखिरी पखवाड़े में गुलाबी सर्दी के बीच 28वां कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्मोत्सव का आगाज होगा। 15 दिसम्बर को नेताजी इंडोर स्टेडियम, रवीन्द्र सदन में ऋषिकेश मुखर्जी निर्देशित अमिताभ बच्चन अभिनीत फिल्म अभिमान (1977) उद्घाटन समारोह में प्रदर्शित की जाएगी। इस अवसर पर बॉलीवुड के लिविंग लीजेंड अमिताब बच्चन, बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तृणमूल कांग्रेस के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही अगले सात दिनों तक भावनाओं के नौ रसों को प्रदर्शित करने वाली 42 देशों की 183 फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

अमिताभ की नौ फिल्मों का प्रदर्शन, दिलीप की गंगा जमुना : सिंहावलोकन श्रेणी में अमिताभ बच्चन की नौ फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं विशेष श्रद्धाजंलि वर्ग में दिलीप कुमार की गंगा जमुना व शक्ति का प्रदर्शन होगा।

57 देशों की 1078 फिल्में आई थीं : कोलकाता फिल्मोत्सव में हिस्सा लेने के लिए 57 देशों की 1078 फिल्में आई थीं। जिनमें से 42 देशों की 183 फिल्मों का चयन हुआ है। इनमें 130 फीचर फिल्में। 53 शार्ट फिल्में व वृतचित्र हैं। कुल 60 विदेशी फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रतियोगिता के वर्ग में 66 फिल्में : फिल्मोत्सव में प्रतियोगिता के वर्ग में कुल 66 फिल्में हैं। वहीं गैर प्रतियोगिता वर्ग में 114 फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

रॉयल बंगाल गोल्डन टाइगर व हीरालाल सेन मेमोरियल ट्राफी : प्रतियोगिता की विजेता फिल्म, निर्देशक, शॉर्ट फिल्म व वृतचित्र श्रेणी में रॉयल बंगाल गोल्डन टाइगर ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। वहीं सर्वश्रेष्ठ निर्देशक को हीरालाल सेन मेमोरियल ट्रॉफी भी दी जाएगी।

विशेष श्रद्धांजलि वर्ग में देशी विदेशी सितारे : फिल्मोत्सव के विशेष श्रद्धांजलि वर्ग में तरुण मजूमदार प्रदीप मुखर्जी, शिवकुमार शर्मा व एंजिला लैंसबरी को याद किया जाएगा। होमेज की श्रेणी में जाने माने फ्रेंच फिल्मनिर्माता व नए दौर की फिल्में बनाकर प्रसिद्ध हुए जीन लुक गोडार्ड की चार फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। शतवार्षिकी श्रद्धांजलि वर्ग में एलियन रेस्नासिस, पियर पाउलो पेसोलिन, माइकल केकोनियस, दिलीप कुमार, असित सेन, ऋषिकेश मुखर्जी, भारती देवी, के. आसिफ, अली अकबर खान की फिल्मों का प्रदर्शन होगा।

युवा व खेल समाज के किलए गेम ऑन : खेल जगत से जुड़े युवाओं के लिए इस बार गेम ऑन वर्ग में कुल सात फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। यह वर्ग इसी साल के फिल्मोत्सव में जुड़ा है।

अनसुने भारत की कहानी भी बताएगा फिल्मोत्सव : सात दिनों के रंगारंग आयोजन में फिल्मोत्सव अनुसने भारत की कहानी भी बताएगा। इन सातों फिल्मों की भाषाएं रेयर लैंग्वेज श्रेणी की हैं। इनमें राजवंशी, मैथिली, कुर्माली जैसी प्रचलित भाषाओं में जमीन से जुड़ेे मुद्दों पर बनाई गई फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

हर रोज जमेगा अड्डा : देश भर में अपनी अड्डा संस्कृति के लिए विख्यात कोलकाता में फिल्मोत्सव के दौरान भी जमकर अड्डेबाजी होगी। आयोजकों ने 17 से 21 दिसम्बर तक हर दिन शाम छह बजे से एकतारा मंच नंदन रवीन्द्र सदन कॉम्पलेक्स में अड्डे का आयोजन किया है। जिसमें नामी गिरामी फिल्म से जुड़े व्यक्तित्व दर्शकों व फिल्म प्रेमियों से संवाद करेंगे।

सत्यजीत राय मेमोरियल लेक्चर के वक्ता होंगे सुधीर मिश्रा : सात दिवसीय आयोजन में व्याख्यानमाला के अंतर्गत सत्यजीत राय मेमोरियल लेक्चर 18 दिसंबर को होगा। शिशिर मंच में फिल्म निर्माता सुधीर मिश्रा ओटीटी के दौर में सिनेमा की समझ पर अपना वक्तव्य रखेंगे।

अमिताभ पर प्रदर्शनी : अमिताब बच्चन अ लिविंग लीजेंड नाम की प्रदर्शनी गगनेन्द्र प्रदर्शनशाला में लगाई जाएगी। वहीं जीन लुक गोडार्ड की कला संबंधी बारीकियों को बताने वाली प्रदर्शनी भी नंदन परिसर में आयोजित की जाएगी।

अंतरराष्ट्रीय फिल्मोत्सव के 28 वें संस्करण की तैयारियां कंप्लीट
कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्मोत्सव के 28 वें संस्करण की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। महानगर के दस प्रदर्शन केन्द्रों में 14 वर्गों में विभाजित 231 फिल्मों का प्रदर्शन होगा। फिल्मोत्सव 22 दिसम्बर तक चलेगा।

राज्य के मंत्री इंद्रनील सेन ने यह जानकारी दी। वे शनिवार को संवाददता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मंत्री अरूप विश्वास, बीरबाला हांसदा, फिल्मोत्सव से जुड़े विधायक राज चक्रवर्ती, जून मालिया, बांग्ला फिल्मों के सुपर स्टार प्रसेनजीत समेत फिल्मोत्सव के आयोजक उपस्थित थे।