
अब कोलकाता के मेयर ने पत्नी के चरित्र पर लगाए लांछन
कोलकाता
राजनीतिक और पारिवारिक मुश्किलों के दौर से गुजर रहे कोलकाता के मेयर शोभन चटर्जी बुधवार को बैशाखी बंद्योपाध्याय प्रकरण पर बिफर पड़े। उन्होंने कहा कि बैशाखी और उसके परिवार के सदस्यों ने बुरे दिनों में उनका साथ दिया था। उनके और बैशाखी के रिश्ते को लेकर जिस तरह का गलत प्रचार किया जा रहा वो बेहद दुर्भाग्यजनक है। इसके लिए पत्नी रत्ना चटर्जी को दोषी ठहराते हुए मेयर ने रत्ना के चरित्र पर लांछन लगाए। शोभन चटर्जी ने कहा कि रत्ना चटर्जी अभिजीत गांगुली नामक एक युवक से प्रेम करती हैं। इस बारे में जब उन्होंने अभिजीत के बारे में पूछताछ की तो रत्ना ने कहा कि हां वह उससे प्रेम करती है। अगर आपत्ति है तो तलाक दे दो। सिर्फ इतना ही नहीं जन्मदिन की पार्टी पर जहर मिलाया हुआ केक खिला कर हत्या की साजिश रची थी। जीवन के बुरे समय में मदद करने वाली बैशाखी और उसकी बेटी की हत्या के लिए ‘सुपारी किलर’ को किराये पर ठीक किया था। शर्म के मारे वे अब तक इस बारे में मीडिया के सामने मुंह नहीं खोल रहे थे। रत्ना ने खुद के अवैध संबंध पर पर्दा डालने के लिए उनके और बैशाखी के रिश्ते के बारे में गलत अफवाह फैलाई है। मेयर के इस आरोप को झूठा बताते हुए रत्ना चटर्जी ने अदालत में मानहानि का मामला दायर करने की धमकी दी है। रत्ना चटर्जी ने कहा कि शुक्रवार को वह अदालत में शोभन चटर्जी के खिलाफ मानहानि का मामला दायर करेंगी। जज से वे मांग करेंगी कि अगर शोभन चटर्जी झूठे साबित होते है तो उन्हें सजा के तौर पर कान पकड़ कर उठक-बैठक कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने का आदेश दिया जाए।
------
अभिजीत गांगुली प्रकरण पर किसने क्या कहा
‘‘रत्ना चटर्जी अभिजीत गांगुली नामक युवक से प्रेम करती हैं। उससे मिलकर ‘जीसीआर प्राइवेट लिमिटेड’ के नाम से एक कंपनी बना रखी हैं। उस कंपनी के नाम पर उन्होंने बाजार से कई लाख रुपए ऋण ले रखा है। जब उन्होंने उक्त कंपनी के बारे में पता लगाया तो पता चला कि कंपनी का नाम ‘गोपाल-चिकू-रत्ना’ है। चिकू अभिजीत गांगुली का पुकार का नाम है। जब उन्होंने इस बारे में पूछा तो रत्ना चटर्जी ने कहा कि वह उससे प्रेम करती है। उसे बर्दाश्त करना होगा। अन्यथा तलाक देना पड़ेगा। अभिजीत बेरोकटोक घर में आता-जाता था। फोन पर अक्सर रत्ना उसके साथ बातचीत करती थी। इस बारे में पूरी तरह से पता लगाने का बाद उन्होंने तलाक का फैसला किया।’’
शोभन चटर्जी
------------
‘‘रत्ना चटर्जी ने कहा कि अब शोभन चटर्जी से उन्हें घृणा होने लगी है। उन्हें अफसोस है कि इस तरह के झूठे व्यक्ति के साथ उन्होंने 22साल जिन्दगी गुजारी। प्रेम किया। अभिजीत गांगुली के संबंध में रत्ना ने कहा कि वह उनसे लगभग 15 साल कम उम्र का युवक है। वह उनका बिजनेस पार्टनर है। शोभन चटर्जी, बच्चे एवं मायके के सभी लोग अभिजीत गांगुली को जानते हैं। अब तक किसी ने अभिजीत और उनके रिश्ते को लेकर कोई सवाल नहीं उठाया था। बैशाखी बंद्योपाध्याय से रिश्ते के खुलासे के बाद मुझे अपने समानांतर में ला खड़ा करने के लिए मुझ पर इस तरह का घिनौना आरोप लगा रहे हैं। जहां तक बैशाखी और उसकी बेटी की हत्या की बात है? बैशाखी ने मेरी हत्या की साजिश रची थी। मैंने अभी तक शोभन चटर्जी के खिलाफ मुंह नहीं खोला हैं। अगर मैं मुंह खोल दूंगी तो वे खड़ा नहीं रह पाएंगे। पार्टी की ओर से मुझे मना किया गया था, लेकिन बाध्य होकर इतना बोल रही हूं ।’’
रत्ना चटर्जी
-----------
‘‘हां रत्ना चटर्जी के साथ हम बिजनेस करते हैं। उनके साथ मेरा भाई-बहन का रिश्ता है। हम उन्हें ‘दीदी भाई’ कह कर पुकारते हैं। मैं मेरे माता-पिता, भाई दोस्त सब कोई रत्ना चटर्जी को जानता है। शोभन चटर्जी को कोई गलतफहमी हुई है। मुझे समझ में नहीं आ रहा है कि मैं इस आरोप के बारे में क्या कहूं। कंपनी का नाम जीसीआर जरूर है, लेकिन उसकी व्याख्या गलत ढंग से की जा रही है।’’
अभिजीत गांगुली
Published on:
21 Nov 2018 11:59 pm
बड़ी खबरें
View Allकोलकाता
पश्चिम बंगाल
ट्रेंडिंग
