राष्ट्रपिता को राजघाट पर श्रद्धांजलि
कोलकाता/नई दिल्ली. महात्मा गांधी जयंती पर सोमवार को कोलकाता से देश की राजधानी दिल्ली तक गहमागहमी रही। तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी ने दिल्ली में पार्टी सांसदों और विधायकों के साथ दोपहर 1 बजे राष्ट्रपिता को राजघाट पर श्रद्धांजलि दी तथा धरना-प्रदर्शन शुरू किया। इधर महानगर में गांधी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देने को लेकर सियासी हलचल रही। नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा परिसर में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। भाजपा ने मनरेगा और आवास योजना की निधि के बकाये की मांग को लेकर तृणमूल कांग्रेस द्वारा में दिल्ली में किए जा रहे विरोध प्रदर्शन को ड्रामा और सर्कस करार दिया है।
—
सुकांत ने विरोध प्रदर्शन को ड्रामा बताया
भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने दिल्ली में तृणमूल कांग्रेस नेताओं के विरोध प्रदर्शन को ड्रामा करार देते हुए टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने ममता सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि टीएमसी कह रही है कि प्रधानमंत्री आवास योजना का फंड बंद है, इसलिए लोगों को घर नहीं मिल रहा है जबकि केंद्र सरकार की तरफ से 30 हजार करोड़ रुपए दिए गए हैं। इसलिए सवाल उनसे बनता है कि गरीबों को घर क्यों नहीं मिला? उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी हुई है, धांधली हुई है तो उसको सजा देने का दायित्व भी ममता बनर्जी सरकार और प्रशासन का है।
—
टीएमसी के आरोपों पर पलटवार
ट्रेन नहीं देने और प्लेन रद्द करवाने के टीएमसी के आरोपों पर पलटवार करते हुए सुकांत मजूमदार ने कहा कि उन्होंने सही तरीके से ट्रेन नहीं मांगा था, सही अनुमति पत्र नहीं था तो अब अनर्गल आरोप लगा रहे हैं कि प्रधानमंत्री मोदी ट्रेन नहीं आने दे रहे हैं और जहां तक प्लेन का सवाल है प्रधानमंत्री मोदी प्लेन नहीं चलवाते हैं बल्कि प्राइवेट कंपनी प्लेन चलाती है।