अग्निकांड से जूझ रहे बागड़ी मार्केट के कॉस्टमेटिक दुकानदार पृथ्वीराज अग्रवाल तीन दिन से पुलिस कर्मियों से एक ही शब्द दोहरा रहे थे सर मुझे अपनी दुकान तक जाना है, इजाजत दे दीजिए। मंगलवार को उन्हें डी सी नार्थ देवाशिष सरकार ने अंदर जाने की अनुमति दी। उन्हें हेलमेट व टार्च मुहैया कराया गया। सी ब्लॉक के गेट से जान जोखिम में लेकर अंदर गए। दुकान की स्थिति देख बिलखते हुए वापस आ गए। बताया कि सबकुछ खाक हो गया है। अग्रवाल ने बताया कि शनिवार की देर रात ही वे लेक टाउन स्थित अपने घर से कैनिंग स्ट्रीट पहुंच गए थे। उसने सबसे गुहार लगाई कि सी ब्लॉक के शटर को काट दिया जाए लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं मानी। आग की लपटें जब अंदर आई तो शटर काटा गया। पहले दिन ही शटर काट दिया गय होता तो शायद उनकी दुकान बच गई होती। दमकल ने अगर फोम का इस्तेमाल किया होता तो शायद आग इतनी नहीं फैलती।