
यह बीजेपी के अंत की शुरुआत: महुआ मोइत्रा
पैसे लेकर सवाल: संसद सदस्यता रद्द होने का मामला
संसद सदस्यता रद्द होने के बाद तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने शुक्रवार को कहा कि अगर मोदी सरकार ने सोचा कि मुझे चुप कराकर वे अडानी मुद्दे को खत्म कर देंगे, मैं आपको यह बता दूं कि इस कंगारू कोर्ट ने पूरे भारत को केवल यह दिखाया है कि आपने जो जल्दबाजी और उचित प्रक्रिया का दुरुपयोग किया है, वह दर्शाता है कि अडानी आपके लिए कितना महत्वपूर्ण है, और आप एक महिला सांसद को समर्पण करने से रोकने के लिए उसे किस हद तक परेशान करेंगे। महुआ ने कहा कि एथिक्स कमेटी के पास निष्कासित करने का कोई अधिकार नहीं है। यह बीजेपी के अंत की शुरुआत है। कमेटी की रिपोर्ट ने सभी नियमों को तोड़ा है। कमेटी के निष्कर्ष पूरी तरह से दो व्यक्तियों की लिखित गवाही पर आधारित हैं, जिनके कथन असल में एक-दूसरे के विरोधाभासी हैं। गिफ्ट और कैश के कोई सबूत नहीं है।
--
ये गणतंत्र की हत्या है: ममता
महुआ मोइत्रा की संसद सदस्यता रद्द होने पर मुख्यमंत्री और पार्टी अध्यक्ष ममता बनर्जी ने कहा कि ये गणतंत्र की हत्या है। डेमोक्रेसी की बाईपास सर्जरी हो गई है। दार्जिलिंग के कर्सियांग में ममता ने कहा कि मैं आपको बता रही हूं कि महुआ परिस्थितियों की शिकार हुई हैं। मैं इसकी कड़ी निंदा करती हूं। हमारी पार्टी महुआ से साथ है। हमारी पार्टी इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर लड़ेगी। यह लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। मुझे बीजेपी का रवैया देखकर दुख हो रहा है। उन्होंने लोकतंत्र को कैसे धोखा दिया। उन्होंने महुआ को अपना रुख स्पष्ट करने की अनुमति नहीं दी। सरासर अन्याय हुआ है। ममता ने कहा कि 485 पन्ने के कागज को पढऩे के लिए समय तक नहीं दिया है। महुआ इस लड़ाई को जीतेंगी और हम उसके साथ हैं। जनता बीजेपी को करारा जवाब देगी और महुआ को जिताएगी।
--
सदन की सदस्यता से निष्कासित किया
पैसे लेकर सवाल पूछने के मामले में तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा को शुक्रवार को सदन की सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर को सांसद निशिकांत दुबे की शिकायत पर एथिक्स कमेटी ने महुआ मोइत्रा पर लगे आरोपों को सही पाया। इस कारण उन्हें लोकसभा में रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने निष्कासन का प्रस्ताव पेश किया। इसे सदन ने ध्वनिमत से पारित कर दिया। इससे पहले सदन में एथिक्स कमेटी की रिपोर्ट पर चर्चा हुई।
--
तृणमूल सांसदों ने सदन में की नारेबाजी
एथिक्स कमेटी ने शुक्रवार को अपनी जांच रिपोर्ट लोकसभा में पेश की। एथिक्स कमेटी के चेयरमैन विनोद सोनकर ने जैसे ही कमेटी की जांच रिपोर्ट को सदन में पेश किया, तृणमूल कांग्रेस के सांसदों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करना शुरू कर दिया। नारेबाजी करते हुए तृणमूल कांग्रेस के सांसद वेल में आ गए। कांग्रेस, एनसीपी, डीएमके, सपा और बसपा सहित अन्य कई विपक्षी दलों के सांसद तृणमूल का साथ देते हुए अपनी-अपनी सीट पर खड़े हो गए। एथिक्स कमेटी ने महुआ मोइत्रा पर लगे आरोपों को काफी गंभीर मानते हुए उनके आचरण को आपत्तिजनक और अनैतिक करार दिया। इसी को आधार बनाकर कमेटी ने महुआ की संसद सदस्यता रद्द करने या फिर गहन जांच की रिपोर्ट आने तक उनकी सदस्यता निलंबित करने की सिफारिश की।
Published on:
08 Dec 2023 05:12 pm
बड़ी खबरें
View Allकोलकाता
पश्चिम बंगाल
ट्रेंडिंग
