
पश्चिम बंगाल में 5 अगस्त को घेरे जाएंगे भाजपा नेताओं के घर
कोलकाता. तृणमूल कांग्रेस महासचिव अभिषेक बनर्जी ने पार्टी के शहीद श्रद्धांजलि सभा के मंच से आगामी पांच अगस्त को राज्य में भाजपा नेताओं के घरों का घेराव करने के आंदोलन की घोषणा की। उनके बाद मंच पर आईं ममता बनर्जी ने साफ किया कि घेराव ब्लॉक स्तर पर किया जाए। चुनाव आयोग की तय की गई सीमा के मुताबिक सौ मीटर दूरी बनाई रखी जाए। इससे पहले अभिषेक ने कहा कि केन्द्र सरकार की ओर से राज्य वासियों की १.१५ लाख करोड़ रूपए की राशि रोकी गई है। जिसके आवंटन की मांग पर राज्य भर में भाजपा नेताओं के आवास घेरे जाएंगे। पार्टी भाजपा नेताओं की सूची तैयार कर रही है। पांच अगस्त को होने वाले इस आंदोलन के अंतर्गत सुबह १० बजे से शाम छह बजे तक न किसी भाजपा नेता को घर से निकलने दिया जाएगा और न ही प्रवेश करने दिया जाएगा। आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा। बंगाल की संस्कृति का ध्यान रखा जाएगा। गौरतलब है कि तृणमूल कांग्रेस लंबे समय से केन्द्र सरकार पर राज्य की लंबित राशि के भुगतान नहीं करने व लोककल्याणकारी योजनाओं के लिए दी जाने वाली राशि का आवंटन रोके जाने का आरोप लगा रही है। तृणमूल महासचिव अभिषेक ने पंचायत चुनाव से पहले घोषणा की थी कि लंबित राशि के भुगतान की मांग पर पार्टी के समर्थक दिल्ली जाकर प्रदर्शन करेंंगे।
--------
दो अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शन
तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने जनसभा में घोषणा की कि आगामी दो अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर दिल्ली में धरना दिया जाएगा। राज्य की लंबित राशि समेत अन्य मांगों के समर्थन में यह आंदोलन किया जाएगा।
Updated on:
21 Jul 2023, 4:30 PM IST
Published on:
21 Jul 2023, 4:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.