
बंगाल में ड्रग्स तस्करी पर बड़ी कार्रवाई
West Bengal Drug Racket Busted: पश्चिम बंगाल के नक्सलबाड़ी में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान मुर्शिदाबाद के साहबाजपुर निवासी विश्वजीत प्रमाणिक के रूप में हुई है।
युवक के पास से बरामद भारी मात्रा में ब्राउन शुगर की बाजार कीमत करीब 30 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को एशियन हाईवे पर नक्सलबाड़ी के खालपाड़ा मोड़ के पास एक संदिग्ध युवक को रोका गया था।
पूछताछ के दौरान उसकी बातों में विरोधाभास मिलने पर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके स्कूल बैग से तीन प्लास्टिक टिफिन बॉक्स में छिपाकर रखी गई ब्राउन शुगर बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन करीब 310 ग्राम है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपित मुर्शिदाबाद के जंगीपुर से बस के जरिए नक्सलबाड़ी पहुंचा था और यहां ड्रग्स की डिलीवरी करने की योजना थी।
खड़गपुर रेल मंडल अंतर्गत हिजली रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद किया। हालांकि इस दौरान तस्करी से जुड़े किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका। बरामद गांजे की कीमत बाजार में करीब पांच लाख बीस हजार रुपये आंकी जा रही है।
जानकारी के अनुसार आरपीएफ को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि पटना सुपरफास्ट एक्सप्रेस के जरिए अवैध रूप से गांजा की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम ने हिजली रेलवे स्टेशन पर सतर्कता बढ़ा दी और ट्रेन के पहुंचते ही सघन तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान प्लेटफॉर्म और ट्रेन के एक डिब्बे से दो संदिग्ध लावारिस बैग बरामद किए गए। जब आरपीएफ जवानों ने दोनों बैगों की जांच की तो उसमें भारी मात्रा में गांजा भरा हुआ मिला। बाद में गांजे का वजन किया गया, जिसमें कुल 10 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
अधिकारियों के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 20 हजार रुपए बताई जा रही है। आरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि तलाशी अभियान के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति मौके पर नहीं मिला। आशंका जताई जा रही है कि पुलिस और आरपीएफ की सक्रियता की भनक लगते ही तस्कर बैग छोड़कर फरार हो गए।
फिलहाल बरामद गांजे को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरपीएफ अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गांजा किसने स्टेशन तक पहुंचाया और इसे कहां ले जाने की तैयारी थी।रेलवे पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Published on:
22 May 2026 08:07 am
बड़ी खबरें
View Allकोलकाता
पश्चिम बंगाल
ट्रेंडिंग
