14 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गिरफ्तारी से बचने अपना हुलिया बदल लिया, मुंडवा ली अपनी मूंछ, फिर भी पुलिस ने ढूंढ निकाला

पुलिस की नजरों से बचने के लिए अपना हुलिया बदल लिया था, जिसमें मूंछ मुंडवाना भी शामिल है। इसके बावजूद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें केरल में ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया।

2 min read
Google source verification
गिरफ्तारी से बचने अपना हुलिया बदल लिया, मुंडवा ली अपनी मूंछ, फिर भी पुलिस ने ढूंढ निकाला

गिरफ्तारी से बचने अपना हुलिया बदल लिया, मुंडवा ली अपनी मूंछ, फिर भी पुलिस ने ढूंढ निकाला

आरामबाग नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष स्वपन नंदी ग्रीन सिटी प्रोजेक्ट घोटाले की जांच में तेज़ी आने के बाद से ही फरार थे। अधिकारी ने बताया कि नंदी ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए अपना हुलिया बदल लिया था, जिसमें मूंछ मुंडवाना भी शामिल है। इसके बावजूद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें केरल में ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में तीन अन्य आरोपियों-नगरपालिका के एक अस्थायी इंजीनियर, एक अस्थायी विद्युत पर्यवेक्षक (इलेक्ट्रिकल सुपरवाइजर) और एक ठेकेदार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।

करोड़ों की सौर ऊर्जा परियोजना में घोटाले में नपा के पूर्व अध्यक्ष शिकंजे में

राज्य में करोड़ों रुपए की सौर ऊर्जा परियोजना में कथित अनियमितताओं के मामले में आरामबाग नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष को केरल से गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि आरामबाग नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष स्वपन नंदी फरार थे और गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से अपनी पहचान छिपाने के वास्ते अपनी मूंछ तक मुंडवा चुके थे। मामले में पहले से गिरफ्तार अन्य आरोपियों के साथ उनका आमना-सामना कराया जाएगा ताकि निर्णय लेने की प्रक्रिया और वित्तीय लेन-देन की पूरी श्रृंखला का पता लगाया जा सके।

अंडे फेंके गए, पुलिस सुरक्षा के बीच थाने तक दौड़कर पहुंचे

आरामबाग में रविवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई जब स्वपन नंदी को पुलिस थाने ले जा रही थी। पुलिस और केंद्रीय बलों की सुरक्षा के बावजूद उनके ऊपर अंडे फेंके गए तथा विरोध कर रहे लोगों ने नारेबाजी की। नंदी को तिरुवनंतपुरम से गिरफ्तार कर आरामबाग लाया गया, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर एकत्र हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस वाहन के आरामबाग पहुंचते ही विरोध शुरू हो गया। भीड़ ने चोर-चोर के नारे लगाए और कच्चे अंडे फेंके। वाहन से उतरने के दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। सुरक्षा घेरे में मौजूद स्वपन नंदी ने स्वयं को बचाने के लिए पुलिस की ढाल का सहारा लिया और तेजी से थाने की ओर बढ़े। इस दौरान उनके पीछे कुछ लोग दौड़ते रहे और लगातार नारेबाजी करते रहे। घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों पर भी फेंके गए अंडों तथा स्याही के छींटे पड़े।

ग्रीन सिटी परियोजना से जुड़ा है मामला

यह मामला ग्रीन सिटी परियोजना से जुड़ा है। इसके तहत आरामबाग नगर पालिका ने क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थानों की छतों पर सौर पैनल लगाने के लिए ई-टेंडर जारी किया। इस परियोजना के तहत तीन प्राथमिक विद्यालयों और बाल शिक्षा केंद्रों के साथ-साथ 11 उच्च प्राथमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में सौर ऊर्जा पैनल लगाने की योजना बनाई गई। परियोजना का लक्ष्य 764.46 किलोवाट बिजली उत्पादन क्षमता हासिल करना था। उत्पादित बिजली का उपयोग स्कूलों की आवश्यकताओं को पूरा करने तथा सड़क किनारे की लाइट को बिजली उपलब्ध कराने के लिए किया जाना था।

बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप

तत्कालीन नगरपालिका बोर्ड, नगर निकाय के अधिकारियों और नंदी के खिलाफ बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सामने आए। नंदी को पद से हटाए जाने के बाद नगरपालिका अध्यक्ष का कार्यभार संभालने वाले तृणमूल कांग्रेस नेता समीर भंडारी ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में जांच में तेजी आई, जिसके परिणामस्वरूप पहले तीन सह-आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और आखिरकार नंदी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि जांच अभी जारी है और पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े और अधिक तथ्य सामने आने की उम्मीद है। हम परियोजना से जुड़े सभी वित्तीय और प्रशासनिक पहलुओं की जांच कर रहे हैं।