
प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल को दी 820 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
भोलेनाथ की पावन नगरी तारकेश्वर शनिवार को ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनी, जब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रसिद्ध बाबा तारकनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य के विकास का पिटारा खोला। उन्होंने इस सिद्धपीठ में विधिवत पूजा कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। पश्चिम बंगाल दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री ने राज्य को 820 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी। यह कार्यक्रम हुगली जिले के तारकेश्वर में आयोजित किया गया, जहां भारी जनसमूह की उपस्थिति ने इसे ऐतिहासिक बना दिया।
प्रधानमंत्री के दो दिवसीय बंगाल दौरे की शुरुआत इसी धार्मिक नगरी से हुई। कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और राज्यपाल आर.एन. रवि भी मौजूद रहे। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है और देशभर के किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता भेजी जा रही है। प्रधानमंत्री द्वारा घोषित 820 करोड़ रुपए के पैकेज में से करीब 590 करोड़ रुपए रेलवे बुनियादी ढांचे के विकास के लिए आवंटित किए गए हैं। इससे राज्य में कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
तारकेश्वर से दिए गए संदेश के साथ प्रधानमंत्री ने साफ किया कि केंद्र और राज्य मिलकर विकास की नई दिशा तय कर रहे हैं। धार्मिक आस्था और विकास की यह संगम यात्रा आने वाले समय में पश्चिम बंगाल के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोल सकती है। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आजादी के बाद बंगाल के उज्ज्वल भविष्य के लिए जो सपने देखे गए थे, आज वे साकार होते नजर आ रहे हैं। उन्होंने इसे एक नए और गौरवशाली इतिहास की शुरुआत बताया। मोदी ने राज्य की पूर्व सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि दशकों तक लेफ्ट और तृणमूल कांग्रेस ने विकास को बाधित किया, लेकिन अब डबल इंजन सरकार तेज गति से काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने भाजपा की चुनावी जीत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया की ताकत को दर्शाता है। उन्होंने कहा, बंगाल के लोगों के चेहरों पर खुशी की चमक है और गांवों में विश्वास और उत्साह का माहौल है। यह स्पष्ट दिखता है कि आपका एक वोट कितना बड़ा बदलाव ला सकता है।
मोदी ने उल्लेख किया कि डबल-इंजन सरकार के संरक्षण में पश्चिम बंगाल के विकास के लिए महाअभियान शुरू किया गया है। विकसित बांग्ला की इस पहल की दिशा में एक कदम आगे बढ़ाते हुए रेलवे, कृषि, मत्स्य पालन, ग्रामीण विकास और पशुपालन से जुड़ी विभिन्न परियोजनाएं शुरू की गई हैं, जो भविष्य के विकास का मार्ग प्रशस्त करेंगी।इस विकास पैकेज का एक मुख्य आकर्षण पश्चिम बंगाल के रेलवे इकोसिस्टम में बड़े पैमाने पर किया गया वित्तीय निवेश है, जिसका उद्देश्य लगभग 590 करोड़ की परियोजनाओं के माध्यम से कनेक्टिविटी, गतिशीलता, कल्याण और लॉजिस्टिकल क्षमता को मजबूत करना है। प्रधानमंत्री ने अत्याधुनिक, 300 बिस्तरों वाले अस्पताल की आधारशिला रखी। यह आधुनिक चिकित्सा सुविधा रेलवे कर्मचारियों, सेवानिवृत्त लोगों और उनके परिवारों के लिए व्यापक, उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करेगी। पूर्व मेदिनीपुर में एक महत्वपूर्ण रोड ओवर ब्रिज की आधारशिला रखी गई। एक व्यस्त लेवल क्रॉसिंग के स्थान पर बनने वाला यह रोड ओवर ब्रिज यातायात की देरी को समाप्त करेगा, पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा और सड़क-रेल संचालन को सुव्यवस्थित करेगा।
Published on:
20 Jun 2026 08:42 pm
बड़ी खबरें
View Allकोलकाता
पश्चिम बंगाल
ट्रेंडिंग
