
80 वर्षीय सास पर अत्याचार करने वाली बहू गिरफ्तार
कोलकाता
बैरकपुर के खड़दह थाने इलाके के रुईया पश्चिम पाड़ा में 80 वर्षीय सास पर अत्याचार करने के आरोप में बहू को खड़दह पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम कावेरी विश्वास है। पीडि़ता का नाम शैवा विश्वास है। उनका बेटा बीएसएफ में जवान है, व नागालैंड में तैनात है। खड़दह में शैवा अपनी बहू कावेरी के साथ रहती थी। अपने पति के अनुस्थिति में बहू अपनी सास पर अत्याचार करती थी। मंगलवार रात को भी बहू ने सास को पीटा। रात को ही सास अपनी बेटी के घर चली गई। बुधवार सुबह पूरे इलाके में यह बात फैल गई। आसपास के गुस्साए लोगों ने बहू कावेरी को कमरे में बंद कर दिया व पुलिस को सूचना दी। सास को भी बुलाया गया। पुलिस के सामने ही बहू ने सास को पीटने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सास ने बताया कि उन्होंने अपनी पूरी संपत्ति अपने बेटे के नाम कर दी है इसलिए बहू ने अत्याचार करना शुरू कर दिया। बेटा बाहर रहता है तो उसे पता नहीं चलता। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी राज्य में इस तरह की कई घटनाएं सामने अा चुकी हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
----------------
गड़बेता से बम बरामद
कोलकाता
पश्चिम मिदनापुर जिले के गड़बेता थाना क्षेत्र के भेदुआ इलाके से ताजा बम भरा एक ड्रम बरामद किया गया है। बुधवार की दोपहर आबकारी कार्यालय के सफाई कर्मियों ने इलाके में साफ-सफाई के दौरान एक सूनसान मकान के बाहर झाडिय़ों में बम से भरे ड्रम को देखा। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। खबर पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इससे पहले भी 8 अगस्त को गड़बेता पुलिस ने इलाके के एक सूनसान मकान से एक ड्रम बम बरामद किया था। बार-बार इलाके से भारी मात्रा में ताजा बम बरामद होने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
Published on:
23 Aug 2018, 11:07 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.