CG Election 2025: कोरबा जिले आयोग की ओर से बनाई गई मतदाता सूची में वर्ष 2025 के नगर निगम चुनाव के लिए 2 लाख 67 हजार 103 मतदाता के नाम शामिल थे।
CG Election 2025: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले आयोग की ओर से बनाई गई मतदाता सूची में वर्ष 2025 के नगर निगम चुनाव के लिए 2 लाख 67 हजार 103 मतदाता के नाम शामिल थे। मतदान मंगलवार सुबह 8 बजे से शुरू हुआ, जो शाम 5 बजे तक जारी रहा। इस अवधि में 1 लाख 63 हजार 884 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
निकाय चुनाव के लिए कोरबा जिले में 425 मतदान केंद्र बनाए गए थे, इस पर मतदान की प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शुरू हुई। शहर के 67 वार्डों में मतदान निर्धारित समय में शुरू हुआ। शुरुआती कुछ घंटों में अधिकांश बूथों पर मतदाता की संख्या देखने को मिली। लोग अपने परिवार के साथ मताधिकार का प्रयोग करने के लिए बूथों पर पहुंचे। कतार में खड़े होकर अपने मत का प्रयोग किया और अपने चहेते प्रत्याशियों को वोटकिया। दोपहर बाद केंद्रों पर वोटरों की संख्या कम देखी गई। शाम होते-होते अधिकांश केंद्र खाली थे।
इस बीच निकाय चुनाव को लेकर जिला प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार नगर निगम के 67 वार्डों में 61.26 फीसदी मतदान हुआ है। कुल मतदाता में से 1 लाख 63 हजार 684 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें पुरुष मतदाता की संख्या 82 हजार 306 और महिला मतदाता की संख्या 81 हजार 377 थी। थर्ड जेंडर के एक ही वोटर ने अपना मत दिया। मतदान के दौरान प्रशासन की ओर से केंद्रों पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई थी। केंद्रों पर एक महिला और एक पुरुष सिपाही को तैनात किया गया था। इसके अलावा पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी भी पोलिंग पर नजर रख रही थी।
नगरीय निकाय चुनाव को लेकर लोगों के बीच उत्साह देखा गया। कुछ केंद्रों पर वोट डालने के लिए लोग बड़ी संख्या में पहुंचे थे तो कुछ केंद्र खाली थे। हालांकि इस बार के चुनाव में मतदान को लेकर लोगों का रूझान कम देखा गया। वर्ष 2019 की तुलना में इस साल मतदान में 3.39 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। नगर निगम के अलग-अलग वार्डों में रहने वाले एक लाख 3 हजार 419 मतदाता पोलिंग बूथ तक नहीं पहुंचे।
महापौर का चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी दिन भर अलग-अलग बूथों पर घूमते रहे। घूम-घूम कर वे क्षेत्र में हो रहे मतदान के बारे में अपने कार्यकर्ता से चर्चा करते नजर आए। उन्होंने मतदान की स्थिति के संबंध में जानकारी लिया। अपने पक्ष में अधिक से अधिक मतदान कराने के लिए कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया।
जब से मतदान शुरू हुआ तभी से वार्डों में पार्षद का चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी मतदान केंद्र के बाहर खड़े नजर आए। वे वोटिंग के लिए जाने वाले लोगों से चर्चा कर रहे थे और उनसे वोट मांग रहे थे। कह रहे थे कि इस बार उन्हें वोट दे दिजिएगा। कई प्रत्याशी बुजुर्ग मतदाताओं का पैर भी छूते देखे गए।
निकाय 12 बजे 2 बजे 4 बजे
नगर निगम कोरबा 19.90 34.45 48.43
पालिका परिषद बांकीमोंगरा 27.75 47.30 62.77
पालिका परिषद दीपका 16.70 33.50 48.09
पालिका परिषद कटघोरा 30.44 50.77 67.57
नगर पंचायत पाली 25.40 55.77 71.38
नगर पंचायत छुरी 31.30 62.00 78.23
नगरीय निकाय चुनाव 2019 पर एक नजर
नगर निगम कोरबा 64.65 66.92 65.76
पालिका परिषद दीपका 64.15 67.92 65.84
पालिका परिषद कटघोरा 85.40 83.78 84.59
नगर पंचायत पाली 84.54 84.94 84.77
नगर पंचायत छुरी 90.41 88.10 89.24
मतदाता को बूथों तक पहुंचाने के लिए अधिकांश पार्षद प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। मतदाता को घर से बाहर निकालने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में युवाओं की टीम काम कर रही थी। इसमें महिला कार्यकर्ताओं को भी शामिल किया गया था। टीम के सदस्य वोटर के घर जा रहे थे और उन्हें मतदान के लिए तैयार कराकर ऑटो में बैठाकर बूथों तक ले जा रहे थे।