
निकाय चुनाव प्रभारी ने ली कार्यकर्ताओं व उम्मीदवारों की बैठक, टिकट बंटवारे पर हुई चर्चा
कोरबा. गुरुवार को कोरबा नगरीय निकाय चुनाव के प्रभारी सच्चिदानंद उपासने ने पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में टिकट बंटवारे को लेकर चर्चा की गई। उम्मीदवारों के नाम को अंतिम रूप देने के लिए चयन समिति के गठन का निर्णय लिया गया। इस समिति में मंडल की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होगी। उम्मीदवार मंडल के जरिए ही अपना नाम जिला स्तर की कमेटी को भेजेंगे। संभाग स्तरीय समिति नामों की घोषणा करेगी।
चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने गुरुवार को पार्टी के नगरीय निकाय चुनाव प्रभारी सच्चिदानंद उपासने कोरबा पहुंचे। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्ष अशोक चावलानी और मंडल अध्यक्षों की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में टिकट के दावेदारों को भी बुलाया गया था। निकाय चुनाव प्रभारी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर कार्यकर्ताओं से चर्चा की।
यह समझाने का प्रयास किया कि पार्टी एक वार्ड से सिर्फ एक ही व्यक्ति को उम्मीदवार बना सकती है। इस स्थिति में कार्यकर्ताओं के बीच आपसी द्वेष नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्याशी को जिताने के लिए कार्य करने का भी आह्वान किया।
मीडिया से चर्चा करते हुए पार्टी के निकाय चुनाव प्रभारी सच्चिदानंद ने कहा कि टिकट की दावेदारी करने वाले सभी कार्यकर्ताओं को बैठक में बुलाया गया था। कार्यकर्ता भी उपस्थित थे। उन्हें बताया गया कि एक वार्ड में एक से अधिक टिकट के दावेदार हैं, जिन्हें टिकट नहीं मिलेगा वे यह न सोचें कि चुनाव जीतने में सक्षम नहीं हैं। उम्मीदवारों के चयन के लिए मापदंड बनाए गए हैं।
सभी मापदंडों पर खरे उतरने वाले प्रत्याशी को ही टिकट दिया जाएगा। सच्चिदानंद ने कहा कि सबसे पहले पार्टी में सक्रिय कार्यकर्ताओं को टिकट बांटते समय तवज्जो दी जाएगी। दावेदारों को लेकर संबंधित वार्ड में एक सर्वे भी कराया गया है। टिकट बांटते समय इसका भी ख्याल रखा जाएगा। बैठक में जिलाध्यक्ष के अलावा वरिष्ठ नेता बनवारीलाल अग्रवाल, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, पूर्व विधायक लखनलाल देवांगन, पार्टी के महामंत्री तरूण मिश्रा, देवेंद पांडे, संजय भावनानी, राजकुमार अग्रवाल, रुक्मणी नायर, सतविंदर बग्गा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
दिसंबर के पहले सप्ताह में होगी उम्मीदवारों की घोषणा
पार्टी की ओर से बताया गया है कि 29 नवंबर तक मंडल स्तर की कमेटी उम्मीदवारों के नाम चयनित करने के बाद जिला स्तर की कमेटी को भेज देगी। दो दिसंबर तक नामों की सूची संभाग स्तर की कमेटी को दी जाएगी। पार्टी नेताओं का कहना है कि दिसंबर के पहले हफ्ते में पार्षद पद के सभी दावेदारों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी।
जातिगत समीकरण का भी ख्याल रखेगी पार्टी
बताया जाता है कि निकाय चुनाव में टिकट बांटने से पहले पार्टी जातिगत समीकरण पर भी मंथन करेगी। यह जानने की कोशिश करेगी कि संबंधित वार्ड में किस जाति या वर्ग विशेष के लोगों की संख्या कम या ज्यादा है। उस वर्ग के व्यक्ति को टिकट देने पर जीत की क्या संभावना है, इस पर भी चर्चा होगी। टिकट बंटवारे का जो फार्मूला पार्टी ने तैयार किया है उसमें जातिगत समीकरण को भी शामिल किया गया है।
Published on:
29 Nov 2019 01:35 pm

बड़ी खबरें
View Allकोरबा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
