CG News: पाली तानाखार विधानसभा में सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा विकास है। पाली और पोड़ीउपरोड़ा दो ब्लॉक कोरबा जिले के सबसे अधिक दुरस्थ क्षेत्रों में आते हैं।
कोरबा। CG News: पाली तानाखार विधानसभा में सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा विकास है। पाली और पोड़ीउपरोड़ा दो ब्लॉक कोरबा जिले के सबसे अधिक दुरस्थ क्षेत्रों में आते हैं। दोनों ही ब्लॉक में विकास को लेकर हर बार लोग वोट करते हैं। पहली बार यह विधानसभा सत्ता के साथ आया। दरअसल इस विधानसभा की तासीर रही है कि यहां हमेशा विपक्ष का ही विधायक होता रहा है। पहली बार यहां सरकार और विधायक एक ही पार्टी के रहे। इसके बाद भी विकास कार्यों में जिस तरह मनमानी हुई। उससे ग्रामीणों में नाराजगी होना लाजिमी है।
जनपद पंचायत पोड़ी उपरोडा से महज 5 किमी दूर ग्राम एतमानगर के आश्रित मोहल्ला डुमरडीह पहुंच मार्ग पर स्थित गांडानाला में वर्ष 2020-21 में खनिज न्यास मद से 20 लाख स्वीकृत से पुलिया निर्माण शुरु कराया गया था। जो तीन साल बाद भी आज तक नही बन पाया है। जनपद पंचायत पोड़ी उपरोडा के अधिकारी इसे लेकर गंभीर नहीं है। इसका खामियाजा ग्रामीणों को उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों को आने जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में सौ से अधिक परिवार निवासरत है। यहाँ सड़क, पुल, पुलिया, बिजली,पानी की समस्या बरकरार है। इसके अलावा शिक्षा स्वास्थ्य भी एक गंभीर मुद्दा है।
लोगों का कहना है कि पिछले चुनाव में मूलभूत सुविधाओं के नाम पर नेता सिर्फ वोट बटोरते रहे हैं लेकिन किसी ने उनकी समस्याओ का समाधान नही किया। वोटरों को जनप्रतिनिधियो से हर बार मायूसी हाथ लगी है इस बार के चुनाव में फिर वही पुराने मुद्दे पार्टियों के सामने है। डुमरडीह गाँव में लोगों ने बताया कि अधिकतर जगहों पर सड़क, पुल, पुलिया की समस्या बनी हुई है। स्थिति यह है कि सरपंच के घर तक सड़क नही बनी,पानी की समस्या भी बनी हुई है। योजनाओं का फायदा ग्रामीणों को नहीं मिला है।