
बिजली के अभाव में बेकार पड़े हैं सिंचाई के लिए उपयोग में आने वाले मोटर पंप, पिछले 10 दिनों से बिजली के इंतजार में हैं ग्रामीण
करतला. रामपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जिल्गा में विगत 10 दिनों से विद्युत ट्रांसफार्मर खराब पड़ा हुआ है, इससे गांव में अंधेरा छाया हुआ है। उक्त ट्रांसफार्मर आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया था जिसके बाद से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी जो अब तक सुधारा नहीं जा सका है।
ग्रामीणों द्वारा कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से ट्रांसफार्मर को सुधारने की मांग की जा चुकी है लेकिन अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उल्लेखनीय है कि उक्त गांव हाथी प्रभावित है। ग्रामीणों के घरों के बाहर और स्ट्रीट लाइट नहीं जलने से अंधेरा रहता है जिसके कारण हाथियों का गांव के भीतर प्रवेश करने का खतरा बना रहता है। इसके अलावा अन्य जंगली जानवरों के आने का भी खतरा बना रहता है।
बारिश का मौसम शुरू हो गया है इससे जहरीले सांप, बिच्छुओं के खतरे से भी ग्रामीण चिंतित हैं। बिजली नहीं होने से लोगों को शुद्ध पेयजल भी नहीं मिल पा रहा है, वहीं सिंचाई के लिए उपयोग में आने वाले मोटर पंप भी बेकार पड़े हुए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि 10 दिनों से गांव में लाइट नहीं होने पर विद्युत विभाग द्वारा कोई पहल नहीं की जा रही है। बिजली कई-कई दिनों तक गुल रहती है।
शीघ्र ही गांव में बिजली आपूर्ति नहीं की गई तो वे ग्रामीणों द्वारा आंदोलन करने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी समस्या से अनजान बने हुए हैं। इनके द्वारा भी बिजली समस्या को दूर करने कोई पहल नहीं किया जा रहा है।
विद्यार्थियों की बढ़ जाएगी परेशानी
18 जून से स्कूल खुल जाएंगे। बच्चों की पढ़ाई भी प्रारंभ हो जाएगी। दिन भर स्कूल में अध्ययन करने के बाद शाम को बच्चे घर लौटेंगे। अंधेरा होने के बाद स्कूल से मिलने वाले होमवर्क व अध्ययन करने में परेशानी होगी। जिससे वे अध्यापन में पिछड़ जाएंगे। इसे लेकर छात्र व परिजन भी काफी चिंतित हैं।
पानी के अभाव में बाड़ी कार्य हो रहा प्रभावित
हालांकि जिले में प्री-मानसून ने दस्तक दे दी है लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं हो रही है। ग्रामीणों द्वारा बाडिय़ों में लगाए गए सब्जियों को पर्याप्त पानी देने कुएं या बोर में लगाए गए मोटर पंप के माध्यम से सिंचाई की जाती है, लेकिन 10 दिनों से गांव में बिजली नहीं होने से ये बाड़ी में लगाए गए टमाटर, बैंगन, भाजी व अन्य पौधे मरने के कगार में आ गए हैं। इससे ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। बचे हुए सब्जियों को जीवित रखने की चिंता ग्रामीणों को सता रही है। इनका कहना है कि शीघ्र ही बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की जाती है तो उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ेगा।
-गांव में लाइट नहीं है इसकी जानकारी बिजली विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है। इसके बावजूद इसे सुधारा नहीं जा रहा है- अंगो बाई राठिया, सरपंच, ग्राम पंचायत जिल्गा
-मुझे जिल्गा गांव में लाइट नहीं होने की जानकारी है। जल्दी ही ट्रांसफॉर्मर लगा कर समस्या को दूर किया जाएगा।
भूपेंद्र राठौर, कनिष्ठ अभियंता, उपकेंद्र करतला
Updated on:
17 Jun 2018, 11:10 AM IST
Published on:
17 Jun 2018, 10:58 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.