कोरबा. गुरुवार की शाम कुछ ही देर चले अंधड़ से शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था भी पूरी तरह से ठप रही। दर्री जोन के कई क्षेत्रों में जहां पूरी रात बिजली नहीं आई तो वहीं पाली जैसे कुछ ग्रामीण इलाकों में ब्लैक आऊट जैसे स्थिति निर्मित हो गई।
शुक्रवार शाम को गई बिजली शहर व उपनगरीय इलाकों में देर रात लौटी तो कुछ क्षेत्रों में अंधेरा ही छाया रहा। पिछले एक पखवाड़े से जिले में ऐसा कोई दिन नहीं गुजर रहा जब सुबह से लेकर रात तक बिजली गुल ना हुई हो। बिजली की आवाजाही से आम लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो जाता है।
व्यवस्था लचर, भुगत रही शहर की जनता
विभाग के कर्मियों के पास फॉल्ट सुधारने के लिए वांछित संसाधनों का भी अभाव है। सुरक्षा उपकरणों से लेकर सामान्य केबल, फ्यूज वायर व डीओ वायर जैसे संसाधन भी उपलब्ध नहीं रहते। ऐसे कई संसाधन हैं जो विभाग के पास मौजूद नहीं होते। जिसे स्थानीय निवासियों की सहायता से जुटाया जाता है। कोरबा में रायगढ़ स्थित केन्द्र से मांग के आधार पर इन सामानों की आपूर्ति की जाती है। लचर विद्युत व्यवस्था के लिए जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता भी एक कारण है।