
राष्ट्रपिता के जन्म दिन पर कोरबा जिले में शुरू हुई पांच नई जन कल्याणकारी योजनाएं
कोरबा. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती पर बुधवार को जिले में पांच नई जन कल्याणकारी योजनाओं की शुुरूआत हुई। महापौर रेणु अग्रवाल ने मुड़ापार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना और मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लिनिक योजना का शुभारंभ किया।
इस दौरान कलेक्टर किरण कौशल, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह मीणा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एस जयवर्धन, नगर निगम आयुक्त राहुल देव सहित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. बीबी बोडे भी मौजूद रहे। जिले के विभिन्न विकासखंडों में आयोजित कार्यक्रमों में आज ही मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान भी शुरू हुआ। इन्ही कार्यक्रमों में सार्वभौमिक सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीबी रेखा श्रेणी और गरीबी रेखा से ऊपर की श्रेणी के पात्र हितग्राहियों को नए राशन कार्डों का वितरण भी शुरू हुआ। कोरबा शहर के पंडित रविशंकर शुक्ल जोन के वार्ड क्रमांक 23 में महापौर रेणु अग्रवाल ने वार्ड कार्यालय खोलकर जिले में नगरीय निकायों में वार्ड कार्यालय शुरू करने की शासकीय योजना का भी शुभारंभ किया। आज इस योजना के तहत कोरबा नगर निगम क्षेत्र के आठ वार्डों में आठ वार्ड दफ्तर भी एक साथ शुरू हुए। मुड़ापार के कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारी-कर्मचारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लालबहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
READ MORE : मकान को खुला छोड़ पौने दो घंटे के लिए बाहर गया परिवार, जेवरात और 50 हजार ले गए चोर...
शहरी गरीबों के लिए प्राण रक्षक है मुख्यमंत्री शहरी स्लम योजना- महापौर
मुख्यमंत्री शहरी स्लम योजना की शुरुआत करते हुए महापौर रेणु अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजधानी से प्रदेश के सभी नगरीय स्लमों में रहने वाले लोगों के लिए घर पहुंच ईलाज की सुविधा आज शुरू कर दी है। महापौर ने कहा कि कोरबा नगर निगम में भी आज से ही सभी 114 स्लम क्षेत्रों में लोगों को ईलाज, स्वास्थ्य परीक्षण, पैथोलाजी की सेवाएं और दवाईयों का वितरण नि:शुुल्क शुरू हो जायेगा। उन्होंने इस योजना को शहर की गरीब जनता के लिए प्राण रक्षक योजना बताया और इस योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील लोगों से की।
Published on:
02 Oct 2019 09:16 pm

बड़ी खबरें
View Allकोरबा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
