नगर पंचायत छुरीकला में ड्राइवर की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बजरंग चौक छुरी में रहने वाले बलराम साहू को गिरफ्तार किया है। बलराम ने महिला से प्रेम प्रसंग में ड्राइवर सुभाष की हत्या करना स्वीकार किया है।
हत्या के आरोप में पुलिस ने बलराम साहू को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। यहां से रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि 22- 23 मई की रात लगभग दो बजे डॉयल 112 को एक सूचना मिली थी। छुरी पुराना कोसा कार्यालय के पास एक व्यक्ति की हत्या की जानकारी मिली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान सुभाष देवांगन से की गई। जांच में पता चला कि सुभाष देवांगन का रावणभाठा में रहने वाली एक महिला से प्रेम संबंध था। महिला सुभाष को अपना पति मानती थी। सुभाष का महिला के घर आना-जाना था।
घटना के दिन भी सुभाष महिला के घर पहुंचा था। रात को खाना खाने और थोड़ी देर रूकने के बाद महिला के घर से अपने घर जाने के लिए निकला। इस बीच रात लगभग दो बजे छुरी पुराना कोसा कार्यालय के पास सुभाष की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो पता चला कि बजरंग चौक छुरी में रहने वाले बलराम साहू के साथ भी महिला के करीबी संबंध थे। महिला मोबाइल फोन पर बलराम साहू के साथ भी बातचीत करती थी। लगभग एक माह से महिला ने बलराम से बातचीत बंद कर दिया था। लेकिन सुभाष के साथ उसकी करीबी थी। महिला से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बलराम को पकड़ लिया। उससे पूछताछ की गई।
पहले से बलराम ने सुभाष की हत्या में शामिल होने से इनकार किया लेकिन कड़ाई से हुई पूछताछ में बलराम टूट गया। उसने मछली काटने वाले कत्ता से सुभाष की हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। यहां से रिमांड पर जेल भेज दिया गया। बलराम साहू कोसमंदा चांपा का मूल निवासी है। कई साल पहले छुरी में मछली बेचने के लिए आया था। यहां रहते महिला से उसका लगाव बढ़ गया था। आरोपी को पकड़ने में कटघोरा एसडीओपी ईश्वर त्रिवेदी, थानेदार अश्वनी राठौर सहित कटघोरा थाना के अन्य स्टॉफ की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।
बाजार से खरीदी नई टी शर्ट, हसिया में लगवाया बेंट
महिला ने बलराम से बातचीत बंद कर दिया था। यह बात बलराम को नागवार को गुजरी। उसने सुभाष को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसके लिए बाजार से नया टी शर्ट खरीदा। बलराम पहले मछली बेचने का काम करता था। उसके साथ मछली काटने का कत्ता था। उसमें बेंट नहीं था। बलराम ने कत्ता में लोहा जोड़कर बेंट बनवाया। इसे हमला करने के लायक बनाया। 22 मई की रात सुभाष अपनी बाइक से महिला के घर गया था। बाइक को कोसा कार्यालय के पास सड़क किनारे खड़ा किया था। बाइक पर बलराम की नजर पड़ी। उसने सुभाष की हत्या की योजना की। उसपर नजर रखने लगा। महिला के घर से जैसे ही सुभाष निकलकर बाइक के पास पहुंचा। बलराम ने उसपर पीछे से कत्ता से हमला किया। कत्ता का बेंट टूटकर अलग हो गया। कत्ता घटनास्थल पर गिर गया। सुभाष लोहे की बेंट लेकर फरार हो गया। इसे एक तलाब में फेंक दिया। टी शर्ट को सड़क किनारे झाड़ी में छिपा दिया।
रास्ता रोकर बलवा और मारपीट, पांच लोगाें पर केस दर्ज
कोरबा@पत्रिका. रास्ता रोककर बलवा और मारपीट के आरोप में पुलिस ने चार लोगों पर केस दर्ज किया है। इसमें शनि ठाकुर, नितेश दिवान, नुमान, सोना और गौतम उर्फ कांडे के अलावा अन्य युवक शामिल है। सोना और गौतम पुरानी बस्ती कोरबा के रहने वाले हैं। जबकि शनि, नितेश और नुमान 15 ब्लॉक इलाके में रहते हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों पर डीडीएम रोड तुलसीनगर में रहने वाले मनीश मजूमदार के साथ घर में घुसकर मारपीट और गाली गलौच और बलवा का आरोप है।