4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नमो-नमो जी शंकरा, भोलेनाथ शंकरा, रुद्रदेव है महेश्वरा… की गूंज

कोरबा. महाशिवरात्रि के अवसर पर शनिवार को ऊर्जाधानी में भोेले बाबा की बारात निकाली गई। गाजे-बाजे, करमा दल, भूत-पिशाच, नर कंकाल व विभिन्न झांकियों के साथ बारात निकली। शनिवार को पूरा शहर महाशिवरात्रि मय रहा। अलसुबह से लेकर देररात तक शिवालयों में बोलबम की गूंज सुनाई देती रही। जलाभिषेक, रूद्राभिषेक, महामृत्युंजय व भोग भंडारा में प्रसाद ग्रहण करने लोगों मेें उत्साह भी दिखा।

2 min read
Google source verification
नमो-नमो जी शंकरा, भोलेनाथ शंकरा, रुद्रदेव है महेश्वरा... की गूंज

नमो-नमो जी शंकरा, भोलेनाथ शंकरा, रुद्रदेव है महेश्वरा... की गूंज

शनिवार को महाशिवरात्रि पर शिवालयों में भोलेबाबा को जल चढ़ाने सुबह से ही भक्तों की कतार लगी रही। घंटो इंतजार कर भक्तों ने शिवलिंग पर जल, दुग्ध, बेलपत्र चढ़ाया। मंदिरों के आसपास शिवभक्तों का रैला लगा हुआ था। बोलबम के जयकारे से मंदिर गूंज उठे। मंदिरों में अनुष्ठान रात से ही शुरू हो चुका था। विशेष संयोग पर पड़े महाशिवरात्रि पर भगवान भोलेनाथ की आशिष लेने सभी आतूर दिखे। विभिन्न मंदिरों मेें भोग-भंडारे की भी व्यवस्था रखी गई थी। शहर के प्रमुख मंदिर साडा कॉलोनी शिव मंदिर, सुभाष ब्लॉक स्थित शिव मंदिर, हेलीपेड मुड़ापार शिवमंदिर, कोसाबाड़ी शिव मंदिर सहित उपनगरीय क्षेत्रों के मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी रही।

99 साल पुराने मंदिर में भी उमड़े भक्त

पुरानी बस्ती स्थित 99 साल पुराने शिव मंदिर में भी भक्तों की भीड़ रही। इस प्राचीन मंदिर में मत्था टेकने और जल अर्पित करने के लिए शहरवासियों का दिन भर तांता लगा रहा। यहां भक्तों ने भगवान भोले नाथ का जलाभिषेक व रुद्राभिषेक कर आशीर्वाद मांगा। देर शाम तक भक्त दर्शन को पहुंचते रहे।

शहर में धूमधाम से निकली भोले बाबा की बारात, विवाह संपन्न, झूम उठे श्रद्धालु

महाशिवरात्रि के अवसर पर श्री श्री शिव परिवार मां काली मंदिर परिसर दुरपा रोड के द्वारा भोले बाबा की बारात एवं शिव-पार्वती विवाह का आयोजन किया गया। प्रतीकात्मक भगवान ब्रम्हा-विष्णु-महेश ने सर्वप्रथम कमला नेहरू महाविद्यालय के पीछे हसदेव घाट पर राजपरिवार द्वारा निर्मित मनोकामना पूर्ति पंचमुखी शिव मंदिर पहुंच कर दर्शन व पूजन किया। यहां पूर्व पार्षद मनीष शर्मा, सहयोगी ज्योति दास ने पुष्पमाला पहना कर इनका स्वागत कर आशीर्वाद लिया। दर्शन पश्चात दोपहर 3 बजे पावर हाउस रोड स्थित शिव मंदिर में भगवान शंकर एवं हनुमान की पूजा-अर्चना पश्चात ब्रम्हा-विष्णु-महेश की जीवंत झांकी को बग्घी पर सवार कराया गया। इसके पश्चात बैंड-बाजा व डीजे की धुन पर झूमते-नाचते नगरजन भोलेनाथ की बारात में शामिल हुए। प्रतीक स्वरूप बच्चों ने गण का रूप धारण किया था। यह बारात पॉवर हाऊस रोड, अग्रसेन चौक मुख्य मार्ग पहुंची।

इसके पश्चात अग्रोहा मार्ग स्थित मां मनोकामना दुर्गा मंदिर एवं पुराना बस स्टैण्ड में दर्शन कर देवपूजन की विधि संपन्न कराई गई। यहां से बारात दुरपा रोड श्री श्री शिव-काली मंदिर पहुंची। बारात में दिल्ली, मथुरा, मेरठ से आए लोक नृत्य कलाकारों के द्वारा शिव पर आधारित गीतों पर नृत्य-नाटिका की प्रस्तुत दी गई। काली मंदिर दुरपा रोड में पूरे रीति-रिवाज के साथ भोलेनाथ का माता पार्वती संग प्रतीकात्मक विवाह संपन्न कराया गया। बारात में पूर्व महापौर रेणु अग्रवाल भी पूरे समय उपस्थित रहीं।