
गला रेतने के बाद युवक ने की आत्महत्या, प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच...(photo-patrika)
CG News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में प्रेमप्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बिलासपुर से भागकर कोरबा पहुंचे एक युवक ने पहले युवती के गले पर चाकू से हमला किया, फिर खुद का गला काटकर आत्महत्या कर ली। गंभीर रूप से घायल युवती ने हिम्मत दिखाते हुए वीडियो कॉल कर स्वजनों को अपनी लोकेशन भेजी, जिससे पुलिस को घटना की जानकारी मिली।
जानकारी के मुताबिक, दोनों मंगलवार रात करीब 9 बजे से लापता थे। रात करीब 11:30 बजे भारतमाला रोड से लगे सन्डैल नाला के पास पुल के नीचे युवक और युवती खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। मृतक युवक की पहचान शुभम नायडू (28 वर्ष) निवासी बिलासपुर के रूप में हुई है, जो शादीशुदा था। वहीं युवती की उम्र 22 वर्ष बताई जा रही है, जो कश्यप कॉलोनी, सरकंडा (बिलासपुर) की रहने वाली है।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल युवती ने साहस दिखाते हुए 112 पर कॉल किया और स्वजनों को वीडियो कॉल कर अपनी लोकेशन भेजी। लोकेशन मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं युवती की हालत गंभीर होने के चलते उसे तत्काल बिलासपुर रेफर किया गया, जहां उसकी स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि युवती के लापता होने की सूचना पहले ही उसके स्वजनों द्वारा पुलिस को दी जा चुकी थी और उसकी तलाश जारी थी। इसी दौरान यह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेमप्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस फिलहाल युवती के बयान का इंतजार कर रही है, जिससे पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।
Updated on:
04 Feb 2026 12:44 pm
Published on:
04 Feb 2026 12:44 pm
