
acb trap rto Inspector while taking bribe in jhalawar
परिवहन विभाग के रायपुर व तीनधार नाके पर छापा मारकर परिवहन निरीक्षक समेत 8 लोगों को ट्रकों से अवैध वसूली करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इनमें परिवहन विभाग के एक इंस्पेक्टर समेत 5 कर्मचारी और दो दलाल शामिल हैं। टीम ने उनसे ट्रक चालकों से वसूली गई 57 हजार रुपए की रकम भी बरामद की हैं।
एसीबी कोटा के एएसपी ठाकुर चंद्रशील ने बताया कि रायपुर व तीनधार टोल नाके पर परिवहन विभाग के निरीक्षक व कर्मचारियों द्वारा ट्रक चालकों से अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थीं। एसीबी की टीम करीब 6 महीने से इन शिकायतों का सत्यापन कर रही थी। सत्यापन के बाद टीम ने सोमवार रात को कार्रवाई करते हुए रायपुर नाके से परिवहन निरीक्षक धारासिंह, गार्ड रामप्रसाद, विजय सिंह व दलाल बाबूलाल और तीनधार नाके से गार्ड धीतेन्द्र सिंह, प्रहलाद व भैरूलाल और एक दलाल महेन्द्र को ट्रक चालकों से अवैध वसूली करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्यवाही के दौरान निरीक्षक धारा सिंह भाग गया, जिसे कांस्टेबल मनोज शर्मा ने दौड़कर पकड़ा। इस दौरान धारा सिंह सड़क पर गिर गया। जिससे उसके हाथ में फ्रेक्चर व मनोज के भी चोट लगी है।
जीप व जेबों से हुई रकम बरामद
अवैध वसूली की यह राशि इन कर्मचारियों द्वारा जीप में भी फेंकी गई थी, जिसे एसीबी के सदस्यों ने बरामद कर लिया। इसके अलावा कर्मचारियों की जेबों से भी अवैध वसूली की राशि मिली। कर्मचारियों के हाथ धुलवाए तो इनका रंग भी गुलाबी हो गया था। एसीबी की टीम को दोनों नाकों से करीब डेढ़ लाख रुपए की राशि मिलने की संभावना थी, लेकिन जब परिवहन विभाग ने कार्रवाई की तो तीनधार नाके के निरीक्षक ने दोपहर करीब एक बजे ही इस राशि को ले गया। हालांकि मौके पर यह निरीक्षक नहीं मिला।
ऐसे कर रहे थे परेशान
ट्रक चालकों ने एसीबी में शिकायत दी थी। जिसमें बताया था कि ट्रकों का वजन सही होने व पूरे कागजात होने पर भी निरीक्षकों द्वारा दबाव बनाकर चालकों से अवैध वसूली की जा रही है। धारा सिंह तो बिना वसूली के ट्रक चालकों को नहीं छोड़ता था। उसके पकड़े जाने के बाद भी कई परिवादी शिकायत लेकर पहुंचे।
इन्होंने पकड़ा अवैध वसूली का खेल
ट्रक चालकों से अवैध वसूली करते परिवहन विभाग के जाप्ते को पकड़ने के लिए एसीबी ने बकायदा जाप्ता तैयार किया था। जिसमें सीआई अजीत बागडोरिया, हैड कांस्टेबल सुआलाल, कांस्टेबल मनोज शर्मा, दिलीप सिंह, नरेन्द्र सिंह, सत्येन्द्र सिंह, भरत सिंह, देवेन्द्र सिंह, मोहम्मद खालिक शामिल थे।
Published on:
10 Oct 2017, 8:34 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.