
हनीट्रैप की आरोपी चेतना उर्फ गुनगुन। फोटो: पत्रिका
कोटा। कोटा शहर पुलिस ने अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हनीट्रैप में फंसाकर युवक का अपहरण कर उसे बारां व अंता ले जाकर उसके एटीएम से 95 हजार रुपए हड़पने के मामले में 5 हजार की इनामी आरोपी युवती को गिरफ्तार किया। आरोपी युवती को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कोटा सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि परिवादी ने 3 मई, 2026 को अनंतपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें उसने बताया था कि एक अज्ञात युवती ने मैसेंजर से संपर्क कर लोन दिलाने के बहाने उसे इंडियन पेट्रोल पंप पर बुलाया। कागजात दिखाने के बहाने युवती परिवादी की कार में बैठ गई और झालावाड़ रोड की तरफ ले गई। रास्ते में उसके साथी अजय मीणा, काजू गुर्जर, रईस गुर्जर, रुबीना और अन्य दो मोटरसाइकिलों पर आए और कार रुकवा ली।
आरोपियों ने परिवादी से मारपीट की, चाकू दिखाकर डराया-धमकाया और झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी देकर उसका अपहरण कर लिया। अपहरण के बाद आरोप परिवादी को उसी की कार में अंता और बारां ले गए। वहां उसके एटीएम से जबरन 95,000 रुपए निकलवाए। इस रिपोर्ट पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एडिशनल एसपी सुभाष मिश्रा के निर्देशन में थानाधिकारी महेश कुमार, एसआइ बाबूलाल, कांस्टेबल बुद्धिप्रकाश, राजेश कुमार, रमेश, मोनिका, जीतराम और कमलेश की टीम ने 5 हजार रुपए की इनामी आरोपी गुमानपुरा थाना क्षेत्र के कोटड़ी बसेड़ा मोहल्ला निवासी चेतना उर्फ गुनगुन (21) को गुरुवार को उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
कोटा सिटी एसपी ने बताया कि दूसरी कार्रवाई रानपुर थाना पुलिस ने की। पुलिस ने युवक की हत्या के मामले का 36 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि 27 अगस्त को फरियादी चित्तौड़गढ़ के जावदा थाना क्षेत्र के गांव दूधी तलाई हाल मुकाम जसपुरा नयागांव निवासी कैलाश भील ने पुलिस में दर्ज करवाई रिपोर्ट में बताया कि वे जसपुरा नयागांव में प्रहलाद जाट के खेत में मृतक विष्णु और उसकी पत्नी अनोपा बाई काम करते थे। 26 अगस्त को विष्णु व अभियुक्त इन्द्रसिंह ने खेत पर बनी झोपड़ी में शराब पी। शाम को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया और टापरी में ही इन्द्रसिंह ने विष्णु की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया।
सिटी एसपी ने मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। टीम ने तकनीकी और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की और 36 घंटों के भीतर आरोपी मध्यप्रदेश के धार जिले के गांव कूकरी निवासी हाल मुकाम जसपुरा नयागांव निवासी इन्द्रसिंह भील (30) को जसपुरा नयागांव के सुनसान जंगल से गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की। आरोपी से हत्या के बारे में पूछताछ की जा रही है।
Updated on:
29 Aug 2026 12:34 pm
Published on:
29 Aug 2026 12:34 pm
