कोटा. कोटा शहर में सावन माह में पहली बार बादल झूमकर बरसे। मेघों ने मल्हार गाया तो फिजां में बहार आ गई। रविवार को बादल झूमकर बरसे। दोपहर बाद एक घंटे तक चली तेज बारिश के चलते शहर पानी-पानी हो गया। वातावरण में भी ठंडक घुल गई। रविवार अवकाश का दिन होने के कारण पिकनिक स्थलों पर भी खासी रौनक रही। लोगों ने पिकनिक का आनंद उठाया।
मानसून की रफ्तार धीमी होने से लोग गर्मी व उमस से खासे परेशान थे। मानसून के वापस रफ्तार पकड़ने के बाद कोटा शहर में शनिवार रात व रविवार सुबह बारिश हुई। रविवार को दिन में बादल छाए रहे। दोपहर 2 बजे बाद काली घटाएं छाई और एक घंटे तक तेज बारिश हुई। उसके बाद शाम 5 बजे तक रिमझिम बारिश होती रही। कोटा शहर में करीब डेढ़ इंच बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे में 46.1 एमएम बारिश दर्ज की गई। रविवार शाम 5.30 बजे तक 35.3 एमएम बारिश दर्ज की गई। इस सीजन में अब तक औसत बारिश का आंकड़ा 300 एमएम के पार पहुंच गया।
यह भी पढ़े: https://www.patrika.com/kota-news/rajasthan-weather-kota-weather-update-weather-news-monsoon-news-ko-8376160/
सड़कों पर दो-दो फीट पानी
शहर में बरसात से कई इलाकों में नाले-नालियाें में पानी का निकास नहीं होने से कई घरों में पानी भर गया। नए कोटा की सड़कें लबालब हो गई। शहर के विज्ञाननगर, महावीरनगर, बोरखेड़ा, जवाहरनगर, डीसीएम, प्रेमनगर, भीमगंजमंडी क्षेत्रोें में सड़कों पर दो-दो फीट पानी भर गया। इसके चलते लोगों को खासी परेशानी हुई। भामाशाहमंडी जाने वाले मुख्य मार्ग पर रेलवे प्लाईओवर के पास सड़क के नीचे पुराना नाला जाम होने से सडक़ पर पानी भर गया।
यह भी पढ़े: https://www.patrika.com/kota-news/main-market-and-streets-full-of-water-in-rainy-season-8376044/
दिन में भी जली वाहनों की हैडलाइटें
शहर में दोपहर बाद काली घटाएं छाई। इससे दिन में अंधेरा हो गया। बादल जमकर बरसे। बारिश रूकने के बाद भी काली घटाएं छाने से दिन में भी वाहनों की हैडलाइटें जलाकर वाहन चालकों को सफर करना पड़ा।