
फोटो: पत्रिका
Dara Ghati New Railway Underbridge: कोटा जिले की दरा घाटी में रेलवे ट्रैक पर नए अंडरपास (RUB) का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस दौरान आरएच गर्डर स्थापित करने के लिए ट्रैफिक व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया जाएगा। जिला कलक्टर पीयूष समारिया ने आदेश जारी करते हुए बताया कि 14 मई को 48 घंटे और 21 मई को 24 घंटे तक विभिन्न मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा और निर्माण कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए यह कदम उठाया है।
आदेश के अनुसार कोटा शहर से जयपुर, चित्तौड़गढ़, कोटा शहर और दरा-झालावाड़-रामगंजमंडी-चेचट की ओर जाने वाले सभी वाहनों को अनंतपुरा स्थित NH-27 पर 4-लेन पुलिया से होकर बारां, बपावर और खानपुर के रास्ते झालावाड़ की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इससे इन मार्गों पर सामान्य यातायात प्रभावित रहेगा।
कोटा ग्रामीण क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे (8 लेन) पर दिल्ली और सवाई माधोपुर से लबान इंटरचेंज की ओर आने वाले वाहनों को कराडिया (सीमलिया) इंटरचेंज से बारां, खानपुर और झालावाड़ की तरफ भेजा जाएगा। इसी तरह NH-52 पर कोटा से झालावाड़ की ओर जाने वाले वाहनों को मोरूकलां, कनवास और धूलेट के रास्ते से डायवर्ट किया जाएगा।
सुकेत, मोडक और रामगंजमंडी से कोटा आने वाले वाहनों को भी NH-52 पर मोडक, चेचट और भटवाड़ा के रास्ते से डायवर्ट किया जाएगा। प्रशासन ने बताया कि यह व्यवस्था निर्धारित समय तक लागू रहेगी और कार्य पूरा होने के बाद सामान्य यातायात बहाल कर दिया जाएगा। यात्रियों से अपील की गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यात्रा की योजना पहले से बनाएं।
जिला प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्माण कार्य के दौरान थोड़ी असुविधा हो सकती है, लेकिन यह परियोजना भविष्य में यातायात को सुगम बनाएगी। पुलिस और यातायात विभाग मौके पर तैनात रहेगा ताकि व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
इंजीनियर मोनू कुमार के अनुसार दरा घाटी में बन रहा अंडरपास आधुनिक तकनीक की मदद से तीन अलग-अलग हिस्सों में तैयार किया जा रहा है। प्रत्येक ब्लॉक को विशेष डिजाइन के साथ मजबूत संरचना में बनाया है, जिसकी लंबाई लगभग 13 मीटर, चौड़ाई 6 मीटर और ऊंचाई 6 मीटर रखी गई है।
इन तीनों प्री-कास्ट ब्लॉकों को बाद में आपस में जोड़कर करीब 40 मीटर लंबा अंडरपास तैयार किया जाएगा। यह संरचना रेलवे ट्रैक के नीचे सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित करेगी। इस अंडरपास के बनने से क्षेत्र में ट्रैफिक दबाव कम होगा और वाहनों की आवाजाही पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और तेज हो सकेगी। परियोजना को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया है।
Published on:
13 May 2026 11:03 am
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
