
देवरी. बीलखेडामाल गांव जाने के लिए करीब 2 किलोमीटर तक पक्की सड़क का निर्माण सार्वजनिक निर्माण विभाग ने करीब दो साल पहले कराया जिसमें कुछ हिस्सा छोड़ दिया गया था लेकिन आज तक उसका काम नहीं हुआ। इधर, घटिया निर्माण कार्य से सड़क बनते ही उसमें गड्ढे होने लगे, फिर पिछले साल पैचवर्क कार्य किया तो उसमें भी एक साल में ही फिर गड्ढे होगए। एक वर्ष पहले सड़क के गहरे गड्ढे पर मरहम लगाकर पैचवर्क कार्य भी किया जो भी महज कुछ महीने में धीरे धीरे उखड़ गया। इस सम्पर्क सड़क से कई गांव जुड़े हुए हैं लेकिन पूरे दो किलोमीटर सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो रहे हैं। कई जगह दोनों साइड से डामर निकल गया है। ग्रामीण अरविंद, जितेंद्र, मुकेश, रामसिंह, प्रमोद, माखन सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि देवरी से बीलखेड़ा माल की ओर नवम्बर 2024 में 2 किलोमीटर पक्की सड़क बनवाने का कार्य शुरू कराया गया था जिसमें सड़क निर्माण के बाद दोनों और तीन-तीन फीट साइड भरनी थी लेकिन पूरा 2 साल होने को है यह कार्य अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। इस मार्ग में देवरी की ओर सड़क निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। इस बचे हुए हिस्से पर बजट के अनुसार सीसी रोड बनाने की बात विभाग द्वारा कही गई थी लेकिन यह भी नहीं बनवाई गई और ना ही सड़क की दोनों साइडों को भी नहीं भरा गया।
कीचड़ से हो रही फिसलन-
इस मार्ग पर देवरी 100 मीटर के आस-पास सड़क कार्य पूरी तरह से अधूरा पड़ा हुआ है इसमें गड्ढे हो गए हैं और बस्ती के घरों से आने वाला पानी अन्य गड्ढ़ों में भर रहा है जिससे मुख्य मार्ग पर पानी की वजह से फिसलन होती है इस मार्ग पर रोज दोपहिया वाहन चालक फिसल कर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।
चारदीवारी हटाकर भरनी थी साइड
विभाग द्वारा कई किसानों से बात कर चारदीवारी को हटवाया गया तो कई किसानों की चारदीवारी नहीं हटाई गई तो वहीं कुछ किसानों ने अपने आप बिना नोटिस के विभाग के डर से करीब 5 फीट अपने खेत की पत्थर से बनी चारदीवारी को पीछे कर दिया गया। इसी तरह अन्य किसानों ने भी पत्थर की चारदीवारी हटा ली लेकिन विभाग द्वारा कई किसानों से चारदीवारी को नहीं हटाया गया।
वर्जन
सार्वजिनक निर्माण विभाग शाहाबाद के सहायक अभियंता नेतराम गुर्जर ने बताया अभी बारिश का मौसम चल रहा है, बारिश के दिनों में डामरीकरण कार्य नहीं किया जा सकता। मौके पर पहुंच कर स्थिति देखी जाएगी।
Updated on:
02 Aug 2026 06:00 am
Published on:
02 Aug 2026 06:00 am
