
कोटा . शहर में चल रही शराब की अवैध दुकानों व इनके अंदर शराब पिलाने वाले अनुज्ञाधारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए आबकारी निरीक्षक रविवार को दिनभर इधर से उधर दौड़ते नजर आए। टीम ने शराब दुकानों की अवैध ब्रांच व ठेकों के अंदर शराब पीते लोगों को भी पकड़ा। इन पर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
गौरतलब है कि राजस्थान पत्रिका ने रविवार को ठेकों व गोदाम के अंदर शराब पीते लोगों व शहर में संचालित अवैध शराब की दुकानों के सम्बंध में 'शराब के सुरूर में नियमों का तमाचा' शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया। इसके बाद आबकारी विभाग के अधिकारी हरकत में आ गए। जिला आबकारी अधिकारी शंभू दयाल मीणा ने निरीक्षकों को रात्रि गश्त व ठेकों के अंदर बिठाकर शराब पिलाने वाले अनुज्ञाधारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। विभाग की टीमों ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में शराब के ठेकों पर कार्रवाई की।
यहां की कार्रवाई
टीम ने शिवपुरा में एक मकान से भारी मात्रा में शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। यहां करीब 15 पेटी बीयर, 7 पेटी देसी शराब व चार से पांच पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की। वहीं प्रहरा अधिकारी रेवत सिंह राठौड़ ने अस्सी फीट रोड पर एक युवक को 23 देसी के शराब पव्वों के साथ गिरफ्तार किया। शिवपुरा में आबकारी निरीक्षक राजेन्द्र सिंह राणावत ने देसी शराब बेचते एक युवक को गिरफ्तार किया। सेवन वन्डर्स के सामने स्थित एक गोदाम में शराब बेची जा रही थी। टीम ने अनुज्ञाधारी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर मुकदमा दर्ज किया।
बार में लाइसेंस की अनियमितता
कुन्हाड़ी स्थित एक रेस्टोरेन्ट बार में लाइसेंस की अनियमितता मिली। आबकारी निरीक्षक सुभाष ने बताया कि यहां पर रेस्टोरेन्ट बार संचालक द्वारा लोगों को शराब बेची जा रही थी। यहां भी विभाग ने आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की और बार संचालक के खिलाफ जुर्माना किया।
जांच होगी
जिला आबकारी अधिकारी शंभूदयाल मीणा नेे बताया शिवपुरा में अधिक मात्रा में शराब मिली है। ऐसे में यह शराब कहा से आई है। इसकी जांच करने के लिए आबकारी निरीक्षक को निर्देश दिए जाएंगे।
Published on:
14 May 2018, 2:11 PM IST
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.