अवैध खनन व बजरी परिवहन पर रोकथाम के शासन-प्रशासन के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। माफिया के हौसले बुलंद हैं। माफिया प्रशासनिक अधिकारियों व पुलिसकर्मियों पर आए दिन हमले करते हैं। मारपीट के कई मामले अब तक सामने आ चुके हैं। ऐसा ही एक मामला कोटा ग्रामीण के चेचट थाना क्षेत्र में सामने आया है।
यहां अवैध बजरी का परिवहन करते एक ट्रैक्टर को रोकना बजरी माफिया को इतना नागवार गुजरा कि उसने पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया। उसने व उसके साथियों ने पुलिसकर्मी को इतना मारा-पीटा कि पुलिसकर्मी के हाथ-पैर टूट गए। कान कट गया। वारदात के बाद माफिया और उसके बदमाश साथी ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए। गंभीर व लहूलुहान हालत में पहले चेचट व फिर झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल में पुलिसकर्मी का उपचार चल रहा है।
चेचट थाना क्षेत्र की घाटोली पुलिस चौकी प्रभारी रामचन्द्र शनिवार रात घाटोली से चेचट थाने जा रहे थे। इसी दौरान हथुना गांव के पास अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली आती दिखी, जिसे पुलिसकर्मी रामचन्द्र ने रुकवाया और चालक से ट्रैक्टर को थाने ले चलने को कहा। इसी बीच रामचन्द्र ने थाने फोन कर सूचना दी कि एक अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी है।
सड़क पर घायल अवस्था में छोड़कर भागे
इधर, ट्रैक्टर चालक ने भी फोन कर अपने साथियों को सूचना दी। थाने से पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचता, इससे पहले ही बजरी माफिया मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आते ही पुलिसकर्मी के साथ डंडों से मारपीट शुरू कर दी। इससे पुलिसकर्मी रामचन्द्र के हाथ-पैर टूट गए। कान कट गया। पुलिसकर्मी को सड़क पर ही छोड़कर माफिया ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग गए। जब जाप्ता मौके पर पहुंचा तो घायल पुलिसकर्मी सड़क पर मिला। ऐसे में तत्काल चेचट अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने रामचन्द्र की नाजुक हालत को देखते हुए झालावाड़ रैफर कर दिया। पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की घटना की सूचना पर उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
मामला दर्ज
थानाधिकारी बन्नालाल जाट ने बताया कि शनिवार रात पुलिसकर्मी रामचन्द्र ने अवैध बजरी परिवहन पर कार्रवाई की तो माफिया ने मारपीट की। पुलिस ने भोजराज गुर्जर, धर्मराज गुर्जर व तीन अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
आरोपियों की तलाश जारी
ग्रामीण एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने बताया कि बजरी माफिया घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित फरार हो गए। पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद खुलासा होगा कि अवैध बजरी खनन कर कहां से ला रहे थे? गिरोह में कौन-कौन लोग शामिल हैं?