पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से हाड़ौती अंचल में रविवार को अचानक मौसम में फिर बदलाव आ गया। कोटा, बूंदी, बारां व झालावाड़ जिलों में दिनभर बादल छाए रहे। कोहरा छाया रहा। सर्द हवा चलती रही। झालावाड़ जिले के चौमहला में बरसात हुई। बारिश होने से मौसम एकदम ठंडा हो गया। आगामी दिनों में सर्दी तेज होने के आसार है।
कोटा में सुबह 11 बजे तक हल्की धूप खिली रही। उसके बाद दोपहर से शाम तक बादल छा गए रहे। सूर्य देव को आगोश में ले लिया। सर्द हवा चलती रही। इससे मौसम में ठंडक घुल गई। बादल व सर्द हवा के चलते लोगों की कंपकंपी छूट गई। सर्दी से बचने के लिए बच्चे, बुजुर्ग व सभी लोग घरों में गर्म कपड़ों में लदे नजर आए। शाम ढलने के बाद सर्दी का असर तेज हो गया। तेज सर्दी के चलते शरीर में सरसरी दौड़ती रही। तेज सर्दी के चलते लोग जल्द घरों में लौट गए। इधर, नए कोटा की अपेक्षा पुराने कोटा में हरियाली व खुला रहने से अधिक सर्दी रही। यहां तापमान में भी अधिक गिरावट रही। मौसम विभाग के अनुसार, कोटा का अधिकतम तापमान 4 डिग्री गिरकर 24.4 व न्यूनतम तापमान 1 डिग्री गिरकर 14.1 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा की रफ्तार 5 किमी प्रति घंटे की रही।
छाया कोहरा, सर्द हवाओं ने ठिठुराया
बूंदी जिले में मौसम फिर पलटी मार गया। सुबह कोहरा छाया रहा। सूर्य देव के भी कुछ देर ही दर्शन हो पाए। बाद में बादलों ने सूर्य देव को अपने आगोश में ले लिया। ऐसे में सुबह के समय से दोपहर तक चली सर्द हवाओं ने लोगों को ठिठुरा दिया। लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। दुपहिया व चौपहिया वाहनों पर निकलने वाले लोग टोपे-जर्सी में लिपेटे नजर आए। अधिकतम तापमान 25 व न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिनभर बादल, चौमहला में बरसात
झालावाड़ जिले में रविवार को बादल छाए रहे। ठंडी हवा से वातावरण भी ठंडा रहा। इससे सर्दी का अहसास हुआ और लोग दिन में गर्म कपड़ों में नजर आए। इससे तापमान में भी गिरावट आई है। अधिकतम तापमान 28 व न्यूनतम 17 डिग्रीे सेल्सियस दर्ज किया। जिले के चौमहला व गंगधार सहित क्षेत्र में बादल छाए रहे। शाम को बरसात हुई। इससे सड़कें गीली हो गई।
आगे यह रहे मौसम
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर 27 नवंबर को भी रहेगा। इस तंत्र का असर कोटा, भरतपुर, अजमेर व जयपुर संभाग के कुछ इलाकों में मेघगर्जन, बारिश के रूप में जारी रहने की संभावना है। 28 नवंबर से मौसम शुष्क रहने तापमान में 2-4 डिग्री गिरावट व कहीं-कहीं कोहरा छाने की संभावना है।