हाड़ौती अंचल में मंगलवार को मानसून मेहरबान रहा। कोटा में दिनभर मौसम साफ रहा। शाम करीब 4 बजे बादल छाए और तेज हवा संग आधा घंटे तक तेज बारिश हुई। उसके बाद शाम 7 बजे बाद वापस तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। कोटा जिले ग्रामीण इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई।
झालावाड़ शहर में शाम करीब साढ़े छह बजे बिजलियों की कड़कड़ाहट व तेज हवा के साथ झमाझम बरसात हुई। बरसात इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में सड़कों पर पानी बह निकला और नालियां उफान पर आ गई। मौसम में ठंडक आ गई। अकलेरा में 8, डग में 3, खानपुर में 2, पिड़ावा में एक एमएम बारिश दर्ज की गई। 24 घंटे में झालावाड़ में 20, रायपुर में 9, असनावर में 23, बकानी में 3, गंगधार व पचपहाड़ में एक-एक, झालरापाटन में 11, खानपुर में 16, पिड़ावा में 14, सुनेल में 15 एमएम बारिश दर्ज की गई।
छबड़ा में डेढ़ इंच से अधिक बरसात
बारां जिले में छबड़ा, अटरू व बारां में झमाझम बारिश हुई। अन्य उपखंडों में कहीं तेज तो कहीं रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। सुबह आठ से शाम पांच बजे तक जिले के छबड़ा उपखंड मुख्यालय पर सर्वाधिक 44 मिमी, अटरू में 37 व बारां उपखंड मुख्यालय पर 20 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि अन्ता में 3, मांगरोल में 9, छीपाबड़ौद में 15, शाहाबाद में 2 व किशनगंज उपखंड मुख्यालय पर 13 मिमी बारिश दर्ज की गई।
पौन घंटे जमकर बरसे बदरा
बूंदी जिले में सुबह बादल छाए रहे। बीच-बीच में धूप निकली। ऐसे में उमस व गर्मी से लोग परेशान रहे। दोपहर करीब सवा तीन बजे बूंदी शहर में तेज बारिश हुई। करीब बीस मिनट तेज बारिश हुई। उसके बाद चार बजे तक हल्की बारिश हुई। ऐसे में शहर की सडक़ों पर पानी जमा हो गया।