24 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जनसुनवाई: कलक्टर से बोले किसान, नहीं मिली फसल खराबे की मुआवजा राशि

जिला कलक्टर पीयूष समारिया ने शुक्रवार को पंचायत समिति इटावा की ग्राम पंचायत गैंता स्थित राजीव गांधी सेवा केन्द्र में शुक्रवार को रात्रि चौपाल एवं जनसुनवाई की।

2 min read
Google source verification

कोटा

image

Abhishek Gupta

Apr 24, 2026

photo patika

जिला कलक्टर की जनसुनवाई

Kota News: जिला कलक्टर पीयूष समारिया ने शुक्रवार को पंचायत समिति इटावा की ग्राम पंचायत गैंता स्थित राजीव गांधी सेवा केन्द्र में शुक्रवार को रात्रि चौपाल एवं जनसुनवाई की। जनसुनवाई में मुख्य रूप से पेयजल बिजली, फसल मुआवजा, मिड-डे-मील, एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित परिवाद आए। समारिया ने ग्रामीणों की समस्याओं को आत्मीयता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में परिवार के साथ आए मुरलीधर ने जिला कलक्टर को अवगत कराया कि उसे फसल खराबे की मुआवजा राशि अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। जिला कलक्टर ने कृषि विभाग के पर्यवेक्षक को नियमानुसार मुआवजा राशि शीघ्र दिलाने के निर्देश दिए।

रात्रि चौपाल में आए देवी शंकर ने बताया कि उनका प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चयन हो जाने के बाद भी अभी तक इसकी स्वीकृति जारी नहीं की गई है। जिस पर जिला कलक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना में यथाशीघ्र आवास आवंटन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।जनसुनवाई में आए मृतका जरीना बानो के परिजनों ने बताया कि जरीना बानो का निधन 5 महीने पहले हो गया था और उनके बैंक ऑफ बडौदा के खाते में दर्ज नॉमिनी शेष राशि की नॉमिनी के नाम पर एफडी करवानी है, लेकिन बैंक द्वारा सुनवाई नहीं की जा रही है। जिला कलक्टर ने जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक दिलीप कौर को निर्देश दिए कि परिवादी की समस्या का यथा शीघ्र निराकरण कराएं।

रात्रि चौपाल में उपखंड अधिकारी इटावा हेमंत, संयुक्त निदेशक कृषि अतीश कुमार शर्मा, मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नरेंद्र नगर, उपनिदेशक महिला बाल विकास सीता देवी, तहसीलदार वीएस नरूका, सहकारिता विभाग के रजिस्ट्रार बलविंदर सिंह गिल, पंचायत समिति गैंता के सरपंच भवानी शंकर नागर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, जेवीवीएनएल, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

गेहूं खरीद केन्द्र का किया निरीक्षण

रात्रि चौपाल से पहले जिला कलक्टर समारिया ने पंचायत समिति में बने समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि गेहूं बेचने के लिए आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा ना हो साथ ही उनको फसल का उचित मूल्य मिले संबंधित खरीद एजेंसी द्वारा इसकी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गैंता पहुंचे कलक्टर

जिला कलक्टर ने गैंता के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। समारिया ने वहां दवा वितरण केंद्र, पंजीयन कक्ष, टीकाकरण कक्ष और लेबर रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने दवा वितरण केंद्र पर जाकर दवाइयों की उपलब्धता एवं उनके भंडारण की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के लैब टेक्नीशियन से वहां की जाने वाली जांचों के बारे में भी जानकारी ली।

पीएचसी परिसर में किया पौधारोपण
जिला कलक्टर ने गैंता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में शीशम का पौधा लगाया। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. नरेंद्र नागर, स्वास्थ्य केंद्र पर नियुक्त प्रभारी अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।