21 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kota Housing Scheme: 265 भूखंड की 2 आवासीय योजना लॉन्च, KDA सस्ते दामों पर देगा प्लॉट, आवेदन शुरू

Pratap Singh Barhat Awasiya Yojana: KDA ने शहरवासियों के लिए 265 भूखंडों वाली 2 नई आवासीय योजनाएं लॉन्च की हैं। इन योजनाओं के तहत ईडब्ल्यूएस, एलआईजी और एमआईजी श्रेणी के प्लॉट किफायती दरों पर उपलब्ध कराए जाएंगे।

2 min read
Google source verification

कोटा

image

Akshita Deora

Jun 19, 2026

KDA Awasiya Yojana

AI जनरेटेड फोटो

Rajnagar Awasiya Yojana: कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) की ओर से विकसित प्रताप सिंह बारहठ आवासीय योजना और राजनगर आवासीय योजना का शुभारंभ गुरुवार को प्राधिकरण के नवीन भवन में आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल ने किया। दोनों में मिलकर कुल 265 भूखंड है। आयुक्त अग्रवाल ने कहा कि शहरवासियों को सुनियोजित एवं आधुनिक आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। इन योजनाओं के माध्यम से आमजन को किफायती दरों पर आवासीय भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

राजनगर आवासीय योजना में 28 भूखंड

उन्होंने बताया कि राजनगर आवासीय योजना में कुल 28 भूखंड उपलब्ध हैं। इनमें ईडब्ल्यूएस श्रेणी के 6 भूखंड (4.5×9 मीटर) तथा एलआइजी श्रेणी के 22 भूखंड (6×12 मीटर) शामिल हैं। इस योजना में भूखंडों की दर 1300 रुपए प्रति वर्गफीट निर्धारित की गई है। योजना कोटा-बारां बाइपास से मात्र 300 मीटर की दूरी पर स्थित है तथा देवली अरब लिंक रोड से इसकी सीधी पहुंच उपलब्ध है।

प्रताप सिंह बारहठ आवासीय योजना में 237 भूखंड

इसी प्रकार प्रताप सिंह बारहठ आवासीय योजना में कुल 237 भूखंड उपलब्ध हैं। इनमें ईडब्ल्यूएस श्रेणी के 97 भूखंड (4.5×9 मीटर), एलआइजी श्रेणी के 56 भूखंड (6×12 मीटर) तथा एमआइजी श्रेणी के 84 भूखंड (7.5×15 मीटर) शामिल हैं। इस योजना में भूखंडों की दर 1010 रुपए प्रति वर्गफीट निर्धारित की गई है। योजना बारां रोड क्षेत्र में विकसित की गई है, जहां पार्क एवं खेल मैदान के लिए भी विशेष प्रावधान किया गया है। आयुक्त ने बताया कि दोनों योजनाओं में सड़क, पेयजल, विद्युत, जल निकासी तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का समुचित विकास किया गया है, जिससे नागरिकों को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आवासीय वातावरण उपलब्ध हो सके।

शुरू हो गए आवेदन

उन्होंने बताया कि योजनाओं के आवेदन पत्र 18 जून 2026 से उपलब्ध हैं तथा आवेदन जमा कराने की अंतिम तिथि 17 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन पत्र पंजाब नेशनल बैंक की सभी शाखाओं, राजस्थान के अन्य जिला मुख्यालयों स्थित नोडल शाखाओं तथा केडीए परिसर में स्थापित काउंटर से प्राप्त एवं जमा किए जा सकेंगे।

आयुक्त ने आमजन से इन जनहितकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने और अपने सपनों का घर साकार करने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सचिव मुकेश कुमार चौधरी, उपायुक्त अनिल सिंघल, हर्षित वर्मा, निदेशक (वित्त) रोहित दीक्षित, निदेशक (प्लानिंग) भूपेश मालव, लेखाधिकारी डॉ. नीतू सिंह तथा पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारी उपस्थित रहे।