सुबह 4 बजे जागते, 5 बजे नाश्ता और 6 बजे यात्रा के लिए निकलते हैं राहुलभारत जोड़ो यात्रा में शामिल कांग्रेस के नेशनल कम्यूनिकेशन सचिव वैभव वालिया व कोटा से भारत यात्री विवेक भटनागर ने बताई राहुल की दिनचर्या
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी अनुशासित दिनचर्या का पालन करते हैँ। यह कहना है यात्रा में शामिल अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नेशनल कम्यूनिकेशन सचिव वैभव वालिया व कोटा के भारत यात्री विवेक भटनागर का। बातचीत में दोनों ने यात्रा के दौरान राहुल की दिनचर्या साझा की।
उनके मुताबिक, राहुल गांधी यात्रा के दौरान तड़के 4 बजे उठ जाते है। सुबह 5 बजे नाश्ता करते हैं। मामूली ब्रीफिंग के साथ 6 बजे यात्रा शुरू हो जाती है। यात्रा रोजाना 25 किमी यात्रा चलती है। दोपहर में यात्रा के ब्रेक के दौरान वे आमजन के लिए बनने वाला खाना ही खाते हैं। उनके खाने का पहले मेडिकल टीम टेस्ट करती है। उसके बाद उन्हें खाना परोसा जाता है।
ऐसे चलती यात्रा
यात्रा में कन्याकुमारी से 120 भारतीय यात्री साथ चल रहे हैं। यात्रा में सबसे आगे लोक नृत्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देते हुए चलते हैं। फिर झंडा टुकड़ी और सेवादल की टुकड़ी चलती है। यह 500 से 800 मीटर घेरे में रहती है। राहुल गांधी 300 से 400 मीटर के सुरक्षा घेरे में चलते हैं। दूसरे ब्लॉक में 25 फीट की दूरी पर दूसरा पुलिस का घेरा रहता है।
वह पहले वाले घेरे को कंट्रोल करता है। यात्रा के दौरान राहुल से मिलने वाले पदाधिकारी व यात्री साथ चलते हैं। एक बार मिलने के बाद वे पीछे हो जाते हैं और दूसरे नए यात्री आगे आ जाते हैं। राहुल के पीछे आमजन का कारवां चलता है। अंत में वाहनों का काफिला रहता है। यात्रा में 20 राज्यों के जनप्रतिनिधि शामिल हैं। इनमें 30 प्रतिशत महिलाएं भी हैं।