
कोटा महोत्सव 3 से 5 फरवरी को, होंगे वाटर स्पोर्ट्स, फ्लॉवर शो
पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए पहली बार बड़े स्तर पर आयोजित किए जा रहे कोटा महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा बैठक जिला कलक्टर ओपी बुनकर की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई। बैठक में 3 से 5 फरवरी तक तीन दिवसीय महोत्सव में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को अन्तिम रूप दिया गया। जिला कलक्टर ने कहा कि कोटा के पर्यटन की अन्तर्राष्ट्रीय पर पहचान बनाने के लिए कोटा महोत्सव कारगर साबित होगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारी सक्रियता से भागीदारी निभाएं। आयोजन जन भागीदारी से किया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग जुड़ सकें।
वाटर स्पोर्ट्स भी होंगे
जिला कलक्टर ने कोटा महोत्सव में वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों, चम्बल बायोडायवर्सिटी, फ्लॉवर शो, फोटो प्रदर्शनी जैसे आयोजन को भी समावेश कर पर्यटक के अनुकूल गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एडवेंचर गतिविधियों के लिए यह क्षेत्र ख्यात रहा है, पर्यटकों को जोड़ने के लिए इनका भी अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए। अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन राजकुमार सिंह , एडीएम सिटी बृजमोहन बैरवा, निगम आयुक्त वासुदेव मालावत, उप वन संरक्षक बीजो जॉय, इन्टेक के जिला कन्वीनर निखलेश शेट्टी ने भी विचार व्यक्त किए। उप निदेशक पर्यटन विकास पांड्या ने तैयारियों की जानकारी दी।
ये होंगे कार्यक्रम
3 फरवरी को प्रातः 10 बजे बम ढोल रसिया कलाकारों के दल एवं चकरी व सहरिया नृत्य के कलाकारों की प्रस्तुति के साथ उद्घाटन होगा। इसमें साफा बांध प्रतियोगिता, दादा-पोता दौड़, रस्सा-कस्सी, मटका दौड़, मूंछ प्रतियोगिता तथा एडवेंचर गतिविधियां महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम में होंगी। किशोर सागर की पाल पर फ्लॉवर शो, आर्ट गैलेरी में फोटो प्रदर्शनी, रंगोली, मेहंदी एवं पेंटिंग प्रतियोगिता होंगी। उम्मेद क्लब मैदान में फूड फेस्टिवल, किशोर सागर में शाम 6.30 बजे चम्बल आरती तथा उम्मेद सिंह स्टेडियम में शाम 7 बजे से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
4 फरवरी को अभेड़ा महल में प्रातः 8 बजे नेचर वॉक, महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम में प्रातः 9 बजे एडवेंचर गतिविधियां, किशोर सागर तालाब में प्रातः 11 बजे आर्मी बैंड एवं आर्मी वाटर शो होंगे। उम्मेद क्लब मैदान में फूड फेस्टिवल, किशोर सागर की पाल पर सांय 6 बजे कोटा डोरिया साड़ी का फैशन शो तथा महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम में भव्य सांस्कृतिक संध्या होंगी।
5 फरवरी को महात्मा गांधी स्कूल से गढ़ पैलेस तक हैरिटेज वॉक होंगी। किशोर सागर की पाल पर शाम 4 बजे डोग शो तथा उम्मेद सिंह स्टेडयम सांय 7 बजे भव्य सांस्कृतिक संध्या व आतिशबाजी के साथ समापन होगा।
Published on:
11 Jan 2023 01:27 am
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
