
Kota News Update : जिले के चेचट इलाके में खणी के समीप स्थित कनकेश्वर महादेव के जंगल में मध्यप्रदेश के जीरापुर से पिकनिक मनाने आए तीन युवकों एवं मंदिर पुजारी पर पैंथर ने हमला कर दिया। हमले में दो युवक व पुजारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के जीरापुर कोडक्या निवासी रवि पांचाल (19), जीरापुर निवासी अरविंद विश्वकर्मा (20), अश्विन विश्वकर्मा (17) कनकेश्वर महादेवजी के जंगल में पिकनिक मनाने आए थे। महादेवजी के मंदिर से झरने का रास्ता पता नहीं होने के कारण तीनों युवक जंगल में मंदिर के पुजारी खणी निवासी मांगीलाल भील (55) के साथ जा रहे थे।
जंगल के रास्ते में नाले में बैठे पैंथर ने पुजारी और दो युवकों पर हमला कर दिया। हमले से रवि व अरविंद के सिर, हाथ, आंख व पीठ पर गहरे घाव हो गए। वहीं अश्विन जान बचाकर भाग निकला। मंदिर से पूजा कर लौट रहे अलोद निवासी गिरिराज ने दोनों घायल युवकों को खणी के महादेव मंदिर पहुंचाया। जहां से उन्हें चेचट अस्पताल लाया गया। वहीं पुजारी को रावतभाटा चिकित्सालय पहुंचाया जहां से उसे कोटा रेफर कर दिया गया।
Updated on:
03 Sept 2024 01:10 pm
Published on:
03 Sept 2024 01:10 pm
