JEE Advanced Result: देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग परीक्षा जेईई-एडवांस्ड-2025 (JEE Advanced Result 2025) का फाइनल परीक्षा परिणाम जारी कर दिया गया है। इस बार फिर नतीजों में शिक्षा नगरी कोटा ने देशभर में राजस्थान का नाम रोशन किया है। कोटा के रजित गुप्ता ने आल इंडिया टॉप किया है। रजित ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की है। रजित गुप्ता (Rajit Gupta AIR-1) मूल रूप से कोटा के महावीर नगर क्षेत्र के निवासी हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय फैकल्टी और एलन को दिया है।
गौरतलब है कि कोटा के 4 स्टूडेंट्स ने आल इंडिया टॉप-10 में जगह बनाई है। कोटा के सक्षम जिंदल की 2 रैंक, अक्षत की 6 रैंक और देवेश की 8वीं रैंक आई है। टॉप-50 व टॉप-100 में भी कोटा के स्टूडेंट्स की रिकॉर्ड भागीदारी रही।
रजित गुप्ता जेईई एडवांस्ड में लगातार दूसरे साल कोटा से ही ऑल इंडिया रैंकर आए हैं। पिछले साल कोटा से ही पढ़ रहे वेद लाहोटी ने यह कारनामा किया था। रजित के पिता दीपक गुप्ता बीएसएनल में अभियंता है। उनकी मां डॉ. श्रुति अग्रवाल जेडीबी कॉलेज में प्रोफेसर हैं।
एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने जेईई एडवांस्ड-2025 के परिणाम को लेकर बताया कि वर्ष-2025 में कॉमन रैंक लिस्ट-सीआरएल की क्वालीफाइंग कट ऑफ में 35-अंको की भारी गिरावट दर्ज की गई है। देव शर्मा ने बताया कि वर्ष-2025 के लिए कामन रैंक लिस्ट-सीआरएल हेतु क्वालीफाइंग कट ऑफ मात्र 74-अंक हैं। जबकि वर्ष-2024 में कामन रैंक लिस्ट-सीआरएल हेतु क्वालीफाइंग कट ऑफ 109-अंक थी।
देव शर्मा ने कहा कि प्रतिशत के रूप में बात की जाए तो वर्ष-2025 में क्वालीफाइंग कट ऑफ-20.56% तथा वर्ष 2024 में 30.34% रही है। क्वालीफाइंग कट ऑफ का 20.56%-ही होना प्रश्नपत्र की उच्च स्तरीय गुणवत्ता की और इंगित करता है। पिछले 3-वर्षों की यह न्यूनतम क्वालीफाइंग कटऑफ है।