
राजस्थान में अचानक गहराया बिजली संकट, कोटा थर्मल की सातों इकाइयों में उत्पादन ठप
कोटा. कोटा शहर के सकतपुरा में शुक्रवार रात करीब 8 बजे विद्युत प्रसारण निगम की 220 केवी लाइन के करंट ट्रांसफार्मर (सीटीबीटी) ब्लास्ट होने से कोटा शहर व रावतभाटा उपखण्ड क्षेत्र के कई गांव अंधेरे में डूब गए। इससे कोटा थर्मल की सातों इकाइयां तथा राणा प्रताप सागर पनबिजली घर की तीन इकाइयों में विद्युत उत्पाद ठप हो गया। इससे 132 केवी जीएसएस व इससे जुड़े केईडीएल के 33 केवी जीएसएस को विद्युत आपूर्ति नहीं हो सकी। इस कारण कोटा शहर व रावतभाटा उपखण्ड मुख्यालय के कई गांव अंधेरे में डूब गए। हालांकि राणा प्रताप सागर पन बिजलीघर की तीन इकाइयों से विद्युत उत्पादन हो रहा था, वह भी बंद हो गया। कोटा शहर में देर रात तक विद्युत आपूर्ति बाहल करने का प्रयास किया जा रहा था।
पन बिजलीघर के अधिशासी अभियंता आशीष कुमार जैन ने बताया पन बिजली घर की रात 9.30 बजे तीनों इकाइयों से विद्युत उत्पादन शुरू कर दिया है। वहीं, रात करीब 8 बजे बाड़ोलिया 132 केवी ग्रिड स्टेशन से आपूर्ति हो रही बिजली बंद हो गई। अजमेर विद्युत वितरण निगम के अभियंता महावीर बैंसला ने बताया 132 केवी ग्रिड स्टेशन से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था फेल हो गई। कोटा-रावतभाटा के मध्य आ रही विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। रात 9 बजे तक भी आपूर्ति बहाल नहीं हुई। 132 केवी ग्रिड स्टेशन बाड़ोलिया पर जानकारी मिली कि कोटा सकतपुरा में सीटीबीटी ब्लास्ट हुई है। जिस कारण कोटा सकतपुरा से जुड़े सभी स्थान पर विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है। आरएपीपी 132 केवी से भी विद्युत आपूर्ति बंद हो गई।
थर्मल की सातों इकाइयां भी ठप
विद्युत प्रसारण निगम की 220 केवी लाइन से कोटा सुपर थर्मल पावर स्टेशन को विद्युत आपूर्ति सप्लाई होती है। करंट ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट होने से सातों इकाइयां भी ठप हो गई। थर्मल के मुख्य अभियंता एके आर्य ने बताया कि थर्मल की सातों इकाइयां ठप हो गई है। उनको वापस चालू करने के प्रयास किए जा रहे है। बता दें कि इससे थर्मल को करोड़ों का नुकसान होने का अंदेशा है। क्योंकि एक इकाई को वापस चालू करने में 20 लाख तक का खर्चा आता है। वहीं, विद्युत प्रसारण निगम निगम के अधिशासी अभियंता ललित चितौड़ा ने बताया कि निगम की 220 केवी लाइन के करंट ट्रांसफार्मर (सीटीबीटी) ब्लास्ट होने से सिस्टम ठप हुआ है। चालू होने में समय लगेगा।
कोटा शहर में यह जीएसएस प्रभावित
दादाबाड़ी, नयापुरा, बोरखेड़ा, डीसीएम, सकतपुरा, आरकेपुरम, जेपी मार्केट, वल्लभ नगर, कुन्हाड़ी, एमबीएस अस्पताल, सेवन वंडर्स, गणेश पाल, इंदिरा गांधी नगर, लैंडमार्क, एससीएसए, ऑक्सीजोन, आईएल, प्रेम नगर, आईईजीएसएस, इलेक्ट्रॉनिक कॉम्प्लेक्स, थेगड़ा, आईएचएसडीपी, एमएलएस-2, रिद्धि सिद्धि नगर।
Published on:
29 Mar 2024 10:12 pm

बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
