
save Kota Thermal,
कोटा. कोटा थर्मल की प्रथम चार इकाइयों को स्थाई रूप से बंद करने तथा शेष इकाइयों को निजी हाथों में सौंपने के राज्य सरकार की तैयारियों के विरोध में पिछले करीब डेढ़ माह से आंदोलन कर रहे थर्मल कर्मचारियों व श्रमिकों का प्रतिनिधिमण्डल सोमवार ऊर्जा राज्य मंत्री पुष्पेन्द्रसिंह के बुलावे पर जयपुर जाएगा।
कोटा थर्मल बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक रामसिंह शेखावत की अगुवाई में यह प्रतिनिधिमण्डल, ऊ र्जा राज्य मंत्री से चार इकाइयों को स्थाई रूप से बंद नहीं करने तथा प्लांट को निजी हाथों में नहीं सौंपने के संबंध में लिखित में आश्वासन लेने जयपुर जा रहा है।
पिछले दिनों कोटा आए राज्य सरकार के ऊ र्जा सचिव संजय मल्होत्रा ने कर्मचारियों व श्रमिकों को आंदोलन समाप्त करने के लिए समझाया था। उन्होंने कर्मचारियों व श्रमिकों को आश्वासन दिया था कि कोटा थर्मल की किसी भी इकाई को स्थाई रूप से बंद नहीं किया जाएगा तथा प्लांट को निजी हाथों में भी नहीं सौंपा जाएगा, यदि कर्मचारी व श्रमिक इसके लिए सरकार से लिखित में आश्वासन चाहते हैं तो सरकार लिखित में भी देने के लिए तैयार है।
इसके बाद प्रतिनिधिमण्डल जयपुर गया था, लेकिन उस समय ऊ र्जा राज्य मंत्री जयपुर में नहीं होने से उन्हें लिखित आश्वासन नहीं मिल पाया था। इसके चलते कर्मचारियों व श्रमिकों ने आंदोलन जारी रखा।
समिति के सह संयोजक आजाद शेरवानी ने बताया कि समिति का 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सोमवार सुबह 5 बजे जयपुर के लिए रवाना होगा।
सुबह 11 बजे ऊर्जा राज्य मंत्री से मुलाकात का समय निर्धारित हुआ है। सह संयोजक इकबाल हुसैन ने बताया कि जब तक लिखित पत्र प्राप्त नहीं होता आन्दोलन समाप्त नहीं होगा।
Published on:
23 Apr 2017 07:32 pm
बड़ी खबरें
View Allट्रेंडिंग
