कोटा. छात्रा से इज्जत मांगने वाले बेशर्म एसोसिएट प्रोफेसर गिरीश परमार व उसके सहयोगी छात्र अर्पित के खिलाफ लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान आरटीयू परिसर व आरोपियों को पेशी पर लाते समय अदालत परिसर की सुरक्षा कड़ी कर दी थी। अदालत परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
अदालत परिसर में दोनों आरोपियों को कड़े सुरक्षा घेरे में पुलिस वाहन से शाम को लाया गया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपियों को लाने की सूचना पर वकील और लोग वहां एकत्रित हो गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार जैन के निर्देशन में आधा दर्जन थानों के प्रभारियों के साथ पुलिस जाप्ता आरोपियों को लेकर अदालत परिसर मेंं आया। पुलिस दोनों आरोपियों को वाहन से उतार कर परिसर की पहली मंजिल पर लेकर जा रही थी। इसी दौरान साइड में खड़े वकील अतीश सक्सैना ने आरोपी गिरीश परमार पर थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद तो पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में वकील को पुलिसकर्मियों ने दूर किया तथा आरोपियों को तेज गति से ऊपर लेकर गई। पेशी के बाद दोनों आरोपियों को इसी घेरे में लेकर जाने के दौरान एक साथ आधा दर्जन करीब वकील सुरक्षा घेरा तोड़ दोनों आरोपियों पर टूट पड़े। इसके बाद तो हंगामा हो गया। पुलिस अधिकारियों ने दोनों आरोपियों को घेरे में लेकर वाहन में बिठाया और तत्काल अदालत परिसर के निकल गए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण जैन व थानाधिकारियों ने वकीलोंं की जमकर झड़प हुई।