16 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

हिंडोले में झूले ठाकुरजी, दर्शन को उमड़ा भक्तों का सैलाब

कोटा

image

Newsdesk

Aug 16, 2026

Rajasthan

- हरियाली तीज पर सजा बांके बिहारी का दरबार, निधिवन में विद्युत सजावट और ठाकुरजी के चरणों का विशेष श्रृंगार
कोटा. रंगबाड़ी स्थित ठाकुरश्री बांके बिहारी मंदिर में शनिवार को हरियाली तीज महोत्सव बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। ठाकुरजी के मनमोहक दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही और मंदिर परिसर में लंबी कतारें लगी रहीं। उत्सव संयोजक गिरधर बड़ेरा ने बताया कि हरियाली तीज के अवसर पर ठाकुरजी के लिए विशेष बंगला तैयार किया गया। इसे 3000 से अधिक हरी मालाओं और इंग्लिश फूलों से सजाया गया। ठाकुरजी को हरियाली तीज के अनुरूप विशेष हरे रंग की पोशाक धारण करवाई गई और आकर्षक श्रृंगार किया गया। ठाकुर श्री बांके बिहारीजी राधारानी एवं अष्ट सखियों के साथ निकुंज में बिहार करते हुए तथा राधारानी संग हिंडोले में झूलते हुए भक्तों को दर्शन दिए। मनमोहक झांकी के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। मंदिर में दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा।
निधिवन में भी हुई विशेष सजावट
मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेंद्र खंडेलवाल ने बताया कि मंदिर के समीप स्थित ठाकुरजी की लीलास्थली निधिवन में भी हरियाली तीज के अवसर पर विशेष विद्युत सजावट की गई। यहां ठाकुरजी के चरणों का विशेष श्रृंगार किया गया। आकर्षक रोशनी और श्रृंगार ने निधिवन की सुंदरता को और बढ़ा दिया।
घेवर का लगाया भोग
हरियाली तीज के अवसर पर ठाकुरजी को विशेष रूप से तैयार किए गए घेवर का भोग लगाया गया। रात्रि 10 बजे शयन आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को घेवर का प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद पाकर भक्तों में विशेष उत्साह नजर आया।
सावन के भजनों से भक्तिमय हुआ वातावरण
महोत्सव के दौरान भजन प्रवाहक मधु गुप्ता के सान्निध्य में सावन के भजनों का आयोजन हुआ। भजनों के बीच श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा। हरियाली तीज का यह आयोजन रंगबाड़ी स्थित ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर को सावन की भक्ति, श्रृंगार और उत्सव के रंग में रंग गया। श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के हिंडोला दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।